मोहाली। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथारिटी (गमाडा) से जुड़े कामों के लिए अब लोगों को पुडा के दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोगों से जुड़ी समस्याओं का निपटारा अब तय समय में होगा। इतना ही नहीं गमाडा हर महीने स्पेशल केसों की सुनवाई करेगा। इसके पीछे कोशिश यही है कि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
जानकारी के मुताबिक गमाडा द्वारा यह मीटिंग हर माह के पहले काम-काज वाले दिन पुडा भवन सेक्टर-62 में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस दौरान अलाटी, जमीनों के मालिक व रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के लोग शामिल होंगे जो मीटिंग में हिस्सा लेकर विकास कार्यों व अन्य समस्याओं को दूर करवा पाएंगे। गमाडा के अधिकारियों ने कहा कि मीटिंग के दौरान जो भी मामले सामने आएंगे, उन्हे पूरा समय देकर पहले सुलझाया जाएगा। अगर इन मामलों का उसी समय कोई निपटारा होता दिखाई देगा तो उन्हें बिना देरी किए उसी समय निपटा दिया जाएगा। यदि उनमें कोई जांच का विषय होगा तो भी मात्र 15 दिन में समस्या को दूर कर दिया जाएगा।
गमाडा की ओर से दिए गए आदेशों में कहा गया है कि रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन व अलाटी अपने एरिया के विकास, अवैध निर्माण, सड़कों/गलियों की मरम्मत संबंधी समस्याओं को लेकर मीटिंग में आ सकते हैं। किसी भी समस्या को अनदेखा नहीं किया जाएगा बल्कि समस्या के मुताबिक संबंधित अफसर की जिम्मेदारी उसी दौरान तय कर दी जाएगी।
गमाडा के आदेशों में साफ किया गया है कि जो अफसर अपने कामों में ढील दिखाएंगे, उन्हें माफ नहीं किया जाएगा। गमाडा ने जनता से अपील की है कि अगर उनके कामों में कोई अफसर देरी कर रहा है या फिर समस्या को लेकर उनकी सुनवाई नहीं हो रही है तो इसे लेकर शिकायत दें ताकि संबंधित अफसर को बुलाकर पूछताछ के साथ-साथ आगे के लिए उसे हिदायत जारी की जा सके।
गमाडा ने कुछ समय पहले लोगों की शिकायतों का निपटारा करने के लिए एक व्हाट्सएप नंबर शुरू किया था। इस पर अब तक कुल 210 शिकायतें आ चुकी हैं। इनमें से गमाडा 125 शिकायतों का निपटारा भी कर चुका है।