डेराबस्सी। अब गांव जवाहरपुर के युवाओं को अपना स्टेडियम मिल गया है। यहां स्पोर्ट्स स्टार तैयार किए जाएंगे। उद्देश्य है कि युवाओं को नशे से दूर किया जाए और उनको सेना और अन्य नौकरियों के लिए तैयार किया जाए।
अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव जवाहरपुर में गांव के युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण देने के लिए नवनिर्मित खेल स्टेडियम का उद्घाटन पूर्व सरपंच अवतार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कोच एवं राज्य पुरस्कार प्राप्त गुरदयाल सिंह गांव के युवाओं को खेल का प्रशिक्षण देंगे।अवतार सिंह ने कहा कि गांव के युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने के लिए उनके साथ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गगनदीप सिंह और पूर्व कबड्डी खिलाड़ी अवतार सिंह भी अपना सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि गांव के युवाओं को खेल स्टेडियम में सुबह 5 से 6 बजे और शाम 5 से 7 बजे तक विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिसमें गांव के युवाओं को ट्रैक स्पोर्ट्स, थ्रो और कबड्डी का प्रशिक्षण देकर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोच गांव के युवाओं को पंजाब पुलिस, चंडीगढ़ पुलिस, हरियाणा पुलिस, रेलवे और सेना में भर्ती के लिए विशेष प्रशिक्षण देंगे, ताकि गांव का हर युवा हर संस्थान में सफल हो सके। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में गांव के 7 से 17 वर्ष के बालक-बालिकाएं भाग ले सकते हैं। इस मौके पर जसविंदर सिंह, कृपाल सिंह, मंजीत सिंह, गुरदीप सिंह, कुलवंत सिंह, सोहन सिंह, महेंद्र सिंह, सुखविंदर सिंह, लवप्रीत सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।