जीरकपुर। गांव सनोली और अड्डा झुग्गियां में 56 लाख रुपये से दो ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इसकी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब जल्द निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। यह जानकारी जीरकपुर नगर परिषद के जेई कुलवंत सिंह ने दी।
बता दें कि लंबे समय से उक्त गांवों के लोग पीने वाले पानी की किल्लत का सामना कर रहे थे। इस संबंधी कई बार अधिकारियों को शिकायतें भी दी गईं। लोगों की परेशानी को दखते हुए यहां नए ट्यूबवेल लगाने की मंजूरी दी गई है।
अधिकारियों ने किया था सर्वेक्षण
जीरकपुर-पटियाला रोड पर स्थित गांव अड्डा झुग्गियां और ओल्ड कालका रोड पर स्थित सनोली गांव को दिसंबर 2016 में नगर परिषद में शामिल किया गया था। पंचायती राज खत्म होने के बाद लोगों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाने की जिम्मेदारी नगर परिषद के पास आ गई। इसके चलते अधिकारियों ने क्षेत्र में सर्वेक्षण कर लोगों से बातचीत करने के बाद रिपोर्ट बनाई। सर्वेक्षण में सामने आया कि उक्त गांवों के लोगों की सबसे बड़ी परेशानी पीने वाले पानी की किल्लत है।
20 में पूरा होगा काम
सीवरेज व जल के विभाग के अधिकारियों के अनुसार अड्डा झुग्गियां और सनोली में स्थानीय नगर परिषद की ओर से करीब 56 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर काम शुरू होने के बाद इसे 15 से 20 दिन में पूरा कर लिया जाएगा, ताकि लोगों को पीने वाली पानी की किल्लत से निजात दिलवाई जा सके।
कोट्..
अड्डा झुग्गियां और सनोली गांव में एक-एक ट्यूबवेल लगाने का फैसला लिया गया है। इस संबंधी सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। निकाय विभाग के अधिकारियों से मंजूरी मिलने के जल्द काम शुरू करवार इसे खत्म कर दिया जाएगा। - कुलवंत सिंह, जेई, जीरकपुर नगर परिषद।