मोहाली। शहर के लोगों को रेलवे स्टेशन पर लगने वाली पेड पार्किंग से फिलहाल राहत मिल गई है। पार्किंग को ठेके पर देने केे लिए शुरू प्रक्रिया को कामयाबी नहीं मिली है। ऐसे में अब रेलवे दोबारा नए सिरे से सारी प्रक्रिया करेगा। नया टेंडर लगने तक लोग आराम से फ्री में गाड़ियां पार्क कर पाएंगे।
रेलवे स्टेशन पर 1600 वर्ग मीटर एरिया में तीन पेड पार्किंग बनाई गई है। इसमें लाइट, हैवी और दोपहिया वाहन खड़े करने की व्यवस्था है। सूत्रों के मुताबिक रेलवे स्टेशन पर रोज 1500 से ज्यादा यात्री पंजाब और दिल्ली में सफर करते हैं। ऐसे में वाहनों की सुरक्षा को लेकर स्टेशन पर पेड पार्किंग की मांग काफी दिनों से जोर पकड़ती जा रही थी। रेलवे स्टेशन मोहाली में बीचोबीच होने की वजह से लोग पार्किंग की मांग करते आ रहे हैं। इसके बाद पूरी रणनीति के बाद रेलवे ने यह योजना बनाई थी। साथ ही ई-नीलामी के माध्यम से स्टेशन की पार्किंग ठेके पर देने का फैसला लिया गया था। सूत्रों की माने तो पार्किंग चलाने में दिलचस्पी न दिखाने के पीछे एक वजह यह हो सकती है कि वहां पर लोगों की आवाजाही बहुत कम है। ऐसे में रेलवे को लगता है कि यह सौदा घाटे का हो सकता है।
कोविड काल में बंद की थी पेड पार्किंग
दो साल से स्टेशन की पेड पार्किंग बंद पड़ी है। कोविड महामारी के चलते 2019 में रेलगाड़ियां रद्द होने के बाद रेलवे पार्किंग को भी बंद कर दिया गया था। सूत्रों ने बताया कि नए सिरे से पेड पार्किंग का ठेका अलॉट किया जाएगा।
अगस्त में होगी ई-ऑक्शन
रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार पेड पार्किंग की ई-नीलामी अगले महीने अगस्त के दूसरे हफ्ते में होगी। इसके लिए रेलवे ने सभी शर्तें अपनी साइट पर उपलब्ध करवा रखी हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
रेलवे स्टेशन की पेड पार्किंग अभी शुरू नहीं हुई है। ई-ऑक्शन के बारे में जानकारी तकनीकी विभाग देगा। -परवीन कुमार, वरिष्ठ अधीक्षक, रेलवे स्टेशन, मोहली