मोहाली। थाना सोहाना के आसपास एरिया में एक बार वाहन लूटने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। इस दौरान तीन बाइक सवार युवक एक किसान का ट्रैक्टर छीनकर फरार हो गए।
किसान की शिकायत पर थाना सोहाना पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्दी ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
मिली जानकारी के मुताबिक थाना सोहाना पुलिस को गांव स्नेटा निवासी महिपाल ने शिकायत दी है वह बागपत यूपी का रहने वाला है और गांव स्नेटा में एक किसान के खेतों में काम करता है। वीरवार रात वह खेतों से ट्रैक्टर (स्वराज -855) लेकर वापस स्नेटा जा रहा था। तभी रास्ते में बाइक सवार तीन युवक मिले, उनमें से एक ने उसे धमकी देकर ट्रैक्टर से नीचे उतरने के लिए कहा तो वह डर गया और नीचे उतर गया। तभी दो युवक उसके ट्रैक्टर पर बैठ गए और ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए, उनके साथ ही तीसरा युवक बाइक पर फरार हुआ।
महिपाल ने इसकी सूचना तुरंत अपने मालिक को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने कहा कि आरोपी जल्दी ही काबू कर लिए जाएंगे। हालांकि पुलिस को यह कहानी भी संदिग्ध लग रही है। क्योंकि बिना किसी मारपीट के कोई ट्रैक्टर कैसे छीनकर ले जा सकता है। वहीं सोहाना एरिया में लोगों से वाहन छीनने की घटनाएं बढ़ गई हैं। कुछ दिन पहले लांडरां कॉलेज से थोड़ा आगे कुराली के एक व्यक्ति से उसकी कार छीन ली गई थी और एयरोसिटी के पास भी इस तरह की वारदातें सामने आ चुकी हैं।