मोहाली। चंडीगढ़ की तर्ज पर शहर के फेज-3बी1 में स्थापित रोज गार्डन अब महाराष्ट्र के गुलाबों की खुशबू से महकेगा। इसके लिए गार्डन में डेढ़ सौ किस्मों के विभिन्न रंगों वाले 1500 पौधे लगाए जाएंगे, जो कि महाराष्ट्र से मंगवाए जा रहे हैं। इस मुहिम का पूरा काम इसी माह के आखिर तक पूरा करने की योजना बनाई गई है। वहीं, पौधों की देखरेख का जिम्मा एक निजी कंपनी संभालेगी।
शनिवार को राज्य के सेहतमंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने इस गार्डन में पौधा लगाकर इस मुहिम की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि आने वाले समय में यहां भी रोज फेस्टिवल आयोजित करवाया जाए और अपने शहर को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाए।
जानकारी के मुताबिक रोज गार्डन शहर के प्रमुख पार्कों में से एक है। यहां पर पहले ही नगर निगम की ओर से गुलाब के पौधे और आकर्षक फव्वारे लगाए गए हैं। लेकिन यहां पर लगे गुलाबों की किस्में पुरानी हैं। ऐसे में नगर निगम की योजना थी कि इस गार्डन को नए तरीके से निखारा जाए। इससे पहले गार्डन में आकर्षक लैंड स्केपिंग से लेकर जॉगिग ट्रैक, ओपन एयर जिम और बच्चों के लिए खास कॉर्नर तक स्थापित किए गए थे। इसके बाद अब गुलाब के पौधे लगाने की दिशा में काम शुरू किया गया है।
इसके पहले चरण में 500 पौधे मंगवाए गए हैं। अगले दो चरणों मे हजार पौधे मंगवाकर यहां पर लगाए जाएंगे। इस मौके पर सेहत मंत्री ने कहा कि शहर के अंदर बने पार्क और अन्य चीजों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। जिससे इलाके के लोगों को फायदा हो सकेगा।
इस मौके पर सेहतमंत्री के राजनीतिक सलाहकार एवं मार्केट कमेटी खरड़ के चेयरमैन हरकेश चंद शर्मा मच्छलीकलां, पार्षद कुलजीत सिंह बेदी, जतिन्द्र सिंह भट्टी, अनमोल भाटी, एक्सईएन जसपाल सिंह टिवाणा और एसडीओ सुखविंदर सिंह मौजूद थे।
एक पौधे की जिंदगी पांच साल, खूबसूरती बेमिसाल
नगर निगम की ओर से महाराष्ट्र के पुणे से गुलाब के पौधे मोहाली के रोज गार्डन के लिए मंगवाए जा रहे हैं। इसके पीछे का कारण यह है कि महाराष्ट्र के गुलाब के फूल काफी अच्छे माने जाते हैं। इतना ही नहीं विदेशों में भी इनकी काफी डिमांड है। एक पौधे का कम से कम पांच साल तक जीवन रहता है। साथ ही अगर इसका बिजनेस किया जाए तो यह भी मुनाफे का सौदा है। यह पौधे लगाने के बाद नगर निगम को हर साल पौधे लगाने के लिए खर्च नहीं करना पड़ेगा। वहीं, अन्य गार्डन के लिए भी नगर निगम यहां से पौधे तैयार कर पाएगा।
मिलेगी हर पौधे की किस्म और विशेषता की जानकारी, स्वच्छता का देंगे संदेश
जानकारी के मुताबिक नगर निगम की कोशिश यह है कि जो विभिन्न किस्म के गुलाबों के पौधे गार्डन में लगाए जाएंगे। उसके साथ उस फूल की किस्म और उसकी विशेषता के बारे में बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही रोज गार्डन पूरी तरह से प्लास्टिक फ्री रहेगा। वहीं, गार्डन के अंदर स्वच्छ भारत का संदेश देते हुए होर्डिंग भी लगाए जाएंगे।