मोहाली। न्यू चंडीगढ़ में जो लोग अपना घर बनाने का सपना देख रहे हैं, उनकी यह इच्छा जल्द ही हकीकत में बदल जाएगी। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने न्यू चंडीगढ़ में ईको सिटी-2 एक्टेंशन बसाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। प्रोजेक्ट के लिए एन्वायर्नमेंट इंपैक्ट असेसमेंट स्टडी करवाने का फैसला लिया है। इसके बाद जैसे ही प्रोजेक्ट को एन्वायर्नमेंट क्लीयरेंस मिलेगी, उसके बाद इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा।
राज्य सरकार का फोकस पंजाब में निवेश को बढ़ावा देना है, इसके मद्देनजर यह पूरी कवायद की जा रही है। क्योंकि कोरोना काल के चलते करीब तीन साल से कोई रिहायशी प्लॉटों की स्कीम नहीं निकाली गई। हालांकि जो भी प्रॉपर्टी की ई-नीलामी की गई उसमें एक बात साफ हो गई है कि मोहाली में निवेश करने में बाहरी राज्यों के लोग अच्छी दिलचस्पी लेते हैं। ऐसे में अब ईको सिटी-2 एक्सटेंशन को बसाने की तैयारी की है। ऐसे में अब ईको सिटी दो एक्टेंशन की तरफ बढ़ाया गया है। इसका एरिया चार सौ एकड़ के करीब रहने की उम्मीद है। सूत्रों की मानें तो स्कीम में रेजिडेंशियल और कॉमर्शियल एरिया स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा स्कूल और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। गमाडा के एक उच्च अधिकारी ने बताया कि प्रोजेेक्ट पर काम शुरू हो गया। उम्मीद है कि यह प्रोजेक्ट साल 2023 में शुरू हो जाएगा। इससे पहले ईको सिटी-1 और ईको सिटी-2 बसाई गई है। जहां पर काफी संख्या में लोगों ने अपने आशियाने बनाए हैं।
चंडीगढ़ के वीआईपी सेक्टरों की तर्ज पर बनेगा
गमाडा अधिकारियों की मानें तो वैसे तो वह विदेशों में बसे रिहायशी प्रोजेक्टों की स्टडी भी कर रहे हैं। लेकिन यह प्रोजेक्ट चंडीगढ़ के वीआईपी सेक्टरों की तरह बसेगा। इसमें बड़े प्लॉट काटने की योजना है। क्योंकि यहां पर शिवालिक की पहाड़ियां भी दिखती हैं। इसके अलावा पूरा एरिया हराभरा है। साथ ही उन्हें उम्मीद है कि इस प्रोजेक्ट में लोग भी अच्छी दिलचस्पी लेंगे। यहां एक बात और दिलचस्प है कि न्यू चंडीगढ़ में पंजाब सरकार की किफायती घर पॉलिसी लागू नहीं होगी। यह बात सरकार द्वारा तैयार किए पॉलिसी के ड्राफ्ट में साफ हो चुकी है।
सिसवां डैम से लेकर अर्बन फारेस्ट तक की सुविधा
न्यू चंडीगढ़ को गमाडा पूरी तरह से चंडीगढ़ की तर्ज पर बसा रहा है। पहले यहां चंडीगढ़ की तर्ज पर सेक्टर काटे गए थे। पूरे मुल्लांपुर में एलईडी लाइट्स लगी हैं। 200 फुट चौड़ी रोड स्थापित की गई है। इतना नहीं लोगों को बेहतर सेहत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए मेडिसिटी बसाई जा रही है। जहां पर कैंसर अस्पताल समेत कई नामी अस्पताल स्थापित होंगे। इसके अलावा सुखना की तर्ज पर सिसवां डैम संवारा गया। मुल्लांपुर के अंदर ही अर्बन फारेस्ट स्थापित किया गया है। मेट्रो स्टेशन भी यहां पर स्थापित किया जाएगा।