जीरकपुर। दिल्ली से जीरकपुर के रास्ते रोजाना हिमाचल प्रदेश की ओर आने-जाने वाले करीब डेढ़ लाख वाहन चालकों को आने वाले समय में जीरकपुर में लगने वाले जाम से निजात मिलने वाली है। अब यह वाहन चालक दिल्ली की ओर से आते हुए सीधा पीआर-7 से पंचकूला की ओर पीरमुछल्ला से होते हुए पंचकूला को पार कर हिमाचल प्रदेश की ओर निकल जाएंगे। क्योंकि पीरमुछल्ला से पंचकूला घग्गर पार तक नई सड़क बनाई जाएगी।
इस नई सड़क के बनने से जीरकपुर आने वाले वाहनों की संख्या कम होगी। इसके अलावा घग्गर के ऊपर पुल भी बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए जीरकपुर नगर परिषद ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को अपने हिस्से की 196 मीटर लंबी और 16 मीटर चौड़ी जमीन सौंप दी है। पीरमुछल्ला के नजदीक यह जमीन जीरकपुर नगर परिषद की थी, इस पर सड़क बनाई जाएगी। बता दें कि अभी पंजाब के वन विभाग की जमीन हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को सौंपने का काम बाकी है।
50 करोड़ रुपये होंगे खर्च
पीरमुछल्ला से घग्गर पार तक बनने वाली नई सड़क को बनाने में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) करीब 50 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसमें पंजाब का एक भी पैसा खर्च नहीं होगा, उन्हें सिर्फ जमीन ही देनी है। इस सड़क को पीआर-7 से भी जोड़ा जाएगा, जो आगे चलकर मोहाली में इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधा पंचकूला को जोड़ेगी। इस महत्वपूर्ण रोड परियोजना से न सिर्फ जीरकपुर और पंचकूला के लोगों को फायदा होगा, बल्कि हरियाणा और पंजाब के जुड़ने से दोनों ओर का यातायात आसानी से चलता रहेगा।
अधिकारियों की बैठक में हुआ फैसला
पीरमुछल्ला में सड़क को बनाने के लिए परिषद की जमीन के साथ वन विभाग की जमीन का इस्तेमाल किया जाना है। इस संबंधी कुछ महीने पहले अधिकारियों की बैठक हुई थी। इस बैठक के दौरान पीरमुछल्ला में रोड बनाने के लिए पेड़ों की कटाई करने का भी फैसला किया गया था। पीरमुछल्ला के नेचर पार्क के बीच से गुजर रही इस सड़क के लिए सैकड़ों पेड़ काटे जाने हैं। इस बैठक में तय हुआ था कि जो पेड़ काटे जाएंगे, उनके बदले पंजाब के दीनानगर में उतनी ही जमीन वन विभाग को दी जाएगी, जिसमें इस परियोजना के तहत काटे गए पेड़ों की संख्या के बराबर पौधे लगाए जाएंगे। जीरकपुर नगर परिषद के एक्सईएन मुकेश राय का कहना है कि हमने अपने हिस्से की जमीन एचएसवीपी को सौंप दी है। अब वन विभाग की जमीन का इंतजार है।
सेक्टर- 20/21 का पुल पुजुड़ेगा पंजाब की जमीन से
पीरमुछल्ला के साथ पंचकूला के सेक्टर-20/21 की ओर पुल घग्गर के साथ लगते पंजाब वन विभाग की जमीन से जुड़ेगा। एचएसवीपी के एक्सईएन ने बताया कि 700 मीटर जमीन पंजाब वन विभाग की ओर से दी जानी है। घग्गर पर बनने वाले पुल की सड़क को पंचकूला से जोड़ने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा पंजाब वन विभाग का 700 मीटर क्षेत्र का जंगल साफ कर अपने खर्च से सड़क बनाई जाएगी। 210 मीटर की सड़क जीरकपुर परिषद क्षेत्र से जमीन लेकर बनाई जाएगी। यह पुल पंचकूला के सेक्टर-20/21 की डिवाइडिंग रोड से पंचकूला-पीरमुछल्ला बैरियर तक बनाया जाएगा। 360 मीटर लंबे घग्गर पुल सहित कुल 1190 मीटर क्षेत्र में रोड निर्माण कार्य पर 50 करोड़ रुपये खर्च आएगा और यह काम इसी साल के आखिर तक पूरा होने की उम्मीद है।