मोहाली। शहर के नए सेक्टरों में रहने वाले 50 हजार से अधिक लोगों को नगर निगम ने बड़ी राहत दी है। बुधवार को निगम भवन में आयोजित एक समागम में नगर निगम ने नए सेक्टरों में पानी और सीवरेज के रखरखाव का काम अपने हाथों में ले लिया। इस मौके पर सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू की अगुवाई में दोनों विभागों के एक्सईएन के बीच एक समझौते (एमओयू) की फाइल पर हस्ताक्षर हुए। इसके साथ ही अब नए सेक्टरों में प्रति हजार लीटर के रेट 1.80 रुपये हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक इस दौरान गांव सोहाना, कुंभड़ा, सेक्टर-66 से 69 और सेक्टर-76 से 80 के लोगों को राहत मिलेगी। क्योंकि उक्त इलाके का पूरा काम गमाडा के अधीन था। ऐसे में उक्त एरिया में पानी के दाम काफी ऊंचे थे। यहां पर प्रति हजार लीटर के दाम करीब 10 रुपये थे। इस मौके पर सिद्घू ने कहा कि इस फैसले से इन इलाकों के लोगों को करीब 7-8 करोड़ रुपये महीना की बचत होगी।
बता दें कि नए सेक्टरों के लोगों ने पानी के ऊंचे दामों को कम करने के लिए लंबा संघर्ष किया है। इस संबंधी हाउस की बैठक में प्रस्ताव पास किया गया था। लेकिन यह काम निदेशक कार्यालय में अटक गया था। दूसरी ओर से इस मामले में इलाके के पार्षदों ने लोक अदालत की शरण ली थी। यहां पर मामले की सुनवाई चल रही है और इसकी अगली सुनवाई 4 जनवरी को है। वहीं, सेहत मंत्री का दावा है कि उन्होंने अपने स्तर पर प्रस्ताव पास करवाकर इस दिशा में काम करवाया है। वहीं, इस मामले को अदालत में ले जाने वाले पार्षदों का कहना है कि वह आगे भी कानूनी जंग लड़ेंगे। वहीं, जो अधिक बिल लोगों से वसूला गया है उसकी भरपाई अधिकारियों की जेब से करवाएंगे।
यह काम होंगे सोसायटीज में
इस मौके पर सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि शहर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। सोसायटीज के अंदरूनी विकास कार्यों के लिए 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इनमें विकास कार्य के लिए 3.5 करोड रुपये खर्च किए गए हैं। हाउसफेड अपार्टमेंट्स में 60 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। जोगिंदर विहार और गुरु तेग बहादुर कांप्लेक्स में अतिरिक्त कार्यों के लिए फंडों को मंजूरी दी गई। वहीं, सेहत मंत्री ने बताया कि शहर के हर बड़े पार्क में ओपन एयर जिम स्थापित किए जाएंगे। नगर निगम की ओर से शहर के बड़े 20 पार्कों में 20 ओपन एयर जिम स्थापित करने का फैसला लिया है।