मोहाली। वीआईपी शहर में अब शराब ठेकों के बाहर गाड़ियों या खुले में लोग शराब के जाम नहीं छलका पाएंगे। इस चीज को लेकर जिला पुलिस काफी सख्त हो गई है। इसी मामले को लेकर एसएसपी सतिंदर सिंह ने शराब के ठेकेदारों से मीटिंग की। जिसमें जहां शराब ठेकेदारों की समस्याओं को सुना गया और उन्हें साफ किया गया है कि खुले में शराब बिल्कुल नहीं चलेगी। यह नियमों के खिलाफ है। इतना ही नहीं अगर कोई व्यक्ति ठेके के बाहर ही गाड़ी में शराब पीता पकड़ा जाता है तो ठेकेदार पर भी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक शहर में कोविड काल में जहां सभी दुकानें बंद थी। उस समय भी शराब ठेकों के बाहर लोगों की भीड़ रहती थी। इतना ही नहीं कुछ शराब ठेके जो रिहायशी एरिया के बिल्कुल पास स्थित हैं। वहां रहने वाले लोगों को इस बात से काफी दिक्कत थी। पुलिस ने अब सख्ती से इस दिशा में काम करने की तरफ फैसला लिया है। हालांकि इस दौरान शराब ठेकेदारों की दलील थी कि ट्राइसिटी में मोहाली में शराब काफी महंगी है। शराब तस्करी की समस्या काफी गंभीर है। इस वजह से लोगों को काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। ऐसे में एसएसपी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि शराब तस्करी पर नकेल कसी जाएगी। पुलिस की तरफ से स्पेेशल नाके लगाए जाएंगे।