मोहाली। मिड-डे मील अब स्कूल कैंपस में ही बनेगा। पहले इसे कई एनजीओ तैयार कर स्कूलों को उपलब्ध करवा रहे थे। यह फैसला मंगलवार को शिक्षा सचिव कृष्ण कुमार के नेतृत्व में मिड-डे मील को लेकर हुई मासिक रिव्यू मीटिंग के दौरान लिया गया।
शिक्षा विभाग पंजाब के मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के जरिए हुई मीटिंग में राज्य के जिला शिक्षा अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान छात्राओं के लिए दोपहर का खाना स्कूल कैंपस में ही तैयार करने को लेकर चर्चा हुई। शिक्षा सचिव कृष्ण कुुमार ने कहा कि सभी जिला शिक्षा अधिकारी एनजीओज से संपर्क कर उनके पास बचे अनाज, मिड-डे मील वर्कर्स के इंतजाम, भोजन के वितरण व बारदाने आदि के बारे में पूरी जानकारी मुहैया करवाएं। शिक्षा सचिव ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को मिड-डे मील प्रोग्राम की रेगुलर मॉनिटरिंग करने व इसे सुचारू ढंग से चलाने के निर्देश दिए।
मिड-डे मील रजिस्टर तैयार करने की बजाय सारी जानकारी एप से भेजें
मीटिंग में डायरेक्टर एससीईआरटी इंदरजीत सिंह ने स्कूलों को मिड-डे मील रजिस्टर तैयार करने की बजाय सारी जानकारी मोबाइल एप के जरिए एसएमएस से रेगुलर भेजने की हिदायत दी। मीटिंग में एडिशनल एसपीडी गुरजीत सिंह, जीएम मिड डे मील प्रोग्राम प्रभचरण सिंह के अलावा विभाग के अन्य अधिकारी भी शामिल थे।