मोहाली। कोरोना महामारी को मात देने और पब्लिक डीलिंग करने वाले सरकारी मुलाजिमों को स्वस्थ रखने के लिए अब जिला प्रशासन की ओर से ऑनलाइन सार्वजनिक शिकायत निवारण प्रणाली अपनाई जाएगी। इसमें लोग वेब, मोबाइल, सेवा केंद्र और कॉल सेंटर के माध्यम से अपनी शिकायत प्रशासन तक पहुंचा पाएंगे।
यह पूरी प्रक्रिया पीजीआरएस सिस्टम के तहत होगी। इसमें एक तय समय में लोगों की शिकायतों का निपटारा होगा। इतना ही नहीं शिकायत हल होने के बाद अगर वह संतुष्ट नहीं हैं तो अपनी शिकायत उच्च अधिकारियों से कर पाएंगे।
यह जानकारी शुक्रवार को डीसी गिरीश दियालन ने अधिकारियों के कोर ग्रुप की मीटिंग के दौरान दी। उन्होंने बताया कि लोगों और सरकारी मुलाजिमों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह जरूरी है कि सरकारी दफ्तरों में लोगों की आवाजाही कम की जाए। उन्होंने बताया कि डायरेक्टर ऑफ गवर्नेंस रिफार्मस डीजीआर पंजाब ने एक सार्वजनिक शिकायत निवारण प्रणाली पीजीआरएस विकसित की है। जो कि टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करते हुए सरकारी विभागों से संबंधित शिकायतों के निपटारे के लिए एकीकृत प्रणाली है। जहां तक हो सके शिकायतों का निपटारा ऑनलाइन पीजीआरएस सिस्टम द्वारा किया जाएगा।
ऐसे काम करेगा पीजीआरएस सिस्टम
पीजीआरएस सिस्टम के बारे में सहायक कमिश्नर शिकायतें हरकीरत सिंह चन्नी ने बताया कि लोग चार तरीकों वेब, मोबाइल, सेवा केंद्र और कॉल सेंटर के माध्यम से पीजीआरएस से संपर्क कर सकते हैं। पीजीआरएस के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शिकायतकर्ता आसानी से एक शिकायत दर्ज करवा सकता है। इसके साथ ही अपनी शिकायत का जवाब हासिल कर सकता है।
एक निश्चित समय अवधि में करेगा काम
एक अधिकारी ने बताया कि पहले हर विभाग के पास अपनी शिकायत निवारण प्रणाली होती थी। जिसमें शिकायतों के निपटारे के लिए कोई भी निर्धारित मापदंड और शिकायत के हल के लिए कोई जवाब देही और समय सीमा तय नहीं थी। बाकी पीजीआरएस में शिकायत निवारण के लिए एक स्पष्ट प्रमाणित कार्य प्रणाली मौजूद है। इस प्रणाली में शिकायत के निपटारे के लिए हर अधिकारी की समय सीमा निर्धारित है। इतना ही नहीं शिकायत के हल के बाद लोग अपना फीड बैक तक दे पाएंगे। लोग अपनी शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं।