जीरकपुर। बिजली विभाग के कर्मचारी चार दिन से हड़ताल पर हैं। इससे सबसे ज्यादा जीरकपुर के ग्रामीण और शहरी निवासी परेशान हैं। कई इलाकों में लगातार लंबे बिजली के कट लग रहे हैं। अगर बिजली आती तो लो वोल्टेज की समस्या हो रही है। हरमिलाप नगर के फेज 1 में पिछले पांच दिन से लोगों के घरो में न फ्रिज चल रहे हैं और न ही पानी की मोटर चल पा रही है। इससे लोगों को बिना पानी के ही दिन गुजारने पड़ रहे हैं। वहीं बिजली विभाग के अधिकारी संतोषजनक जवाब देने में असमर्थ नजर आ रहे हैं।
चौधरी एनक्लेव के निवासियों का कहना है कि हम चार दिन से बिजली विभाग से गुहार लगा रहे हैं। कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ऊपर से अधिकारी भी बात नहीं सुन रहे हैं। यहां की निवासी दिव्या का कहना है कि घर में मरीज होने के कारण बहुत परेशानी झेलनी पड़ रही है। बिना बिजली के घर में उपकरण कैसे चलाएं। घर में अब तो इन्वर्टर भी काम करना बंद कर चुके हैं। चार दिन से बिजली कट से प्रभावित इलाके के जगसीर सिंह रिटायर्ड बुजुर्ग हैं। उनके अनुसार वे सब मिलकर बिजली ग्रिड गए थे, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई, बल्कि वहां बैठे कर्मचारियों ने उनसे बिजली ठीक करने के ऑर्डर ही मांग लिए।
यही हाल यहां की कई और सोसाइटियों का है। जहां बिजली कट तो लगा लेकिन हड़ताल के चलते उसे ठीक करने कोई नहीं आया। हरमिलाप फेज एक में कभी बिजली आ रही है तो कभी कट लग रहे हैं। यहां लो वोल्टेज की समस्या पांच दिन से है। जिससे कोई भी उपकरण नहीं चल रहे हैं। लोगों के अनुसार कम वोल्टेज के कारण उनके फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन व अन्य मशीनें नहीं चल पा रही हैं। पानी की मोटरें खराब हो गई हैं, इससे बिना पानी के दिन गुजारने पड़ रहे हैं।