मोहाली। एक आइडिया ऐसा जो बदल दे आपका भविष्य... जी हां, अपने खास आइडिया की बदौलत ही दो दोस्तों गौरव अग्रवाल और सर्वकाम गुलाटी ने नौनिहालों के साथ ही युवाओं और महिलाओं को भी दीवाना बना डाला है। वहीं, एक स्टूडेंट उदय सल्हन ने अपने आइडिया की बदौलत बैंकों की ई-ऑक्शन में रुचि रखने वालों के लिए एक खास एप प्लेटफार्म तैयार कर डाला है। सलिए ही कहते हैं कि मेहनत करने वालों के लिए कोई काम मुश्किल नहीं होता, ऐसे यंगस्टर्स कोई न कोई स्टार्टअप शुरू करके सभी का दिल जीत लेते हैं।
पंचकूला के रहने वाले गौरव अग्रवाल और सर्वकाम गुलाटी ने बताया कि अक्सर वह अपने जानकारों की पार्टियों में जाते रहते थे और वहां देखते थे कि लेडीज, जेंट्स और युवा मस्ती करते हैं। उनके साथ आने वाले बच्चे बेचारे या तो मां की गोद में ही रहते हैं या फिर उनके साथ आया कोई अटेंडेंट उनको खिलाता रहता है। इसको देखकर दोनों के दिमाग में आइडिया आया कि क्यों न एक ऐसा वेंचर तैयार किया जाए जहां सभी को आनंद आए। इसी आइडिया को उन्होंने अप्लाई किया और फनविल नामक एक चेन तैयार कर डाली। जिसमें साफ्ट प्लेइंग एरिया और गेम को बेहतरीन कांबिनेशन तैयार किया गया। अब यहां दो से तीन वर्ष के नौनिहाल भी मस्ती करते हैं, माताएं पार्टी करती हैं।
अपने स्टार्टअप के बारे में जानकारी देते हुए चंडीगढ़ के स्टूडेंट उदय सल्हन ने बताया कि बैंक ऑक्शन को आम जनता तक पहुंचाने का मिशन उनके दिमाग में पहले से ही था। अभी तक बैंक ऑक्शन के डोमेन हैं वह सिर्फ चंद लोगों तक ही पहुंच पाते थे। ऐसी स्थिति में एक खास वर्ग ही बैंकों की ऑक्शन में प्रतिभागिता कर पाता था। इसकाे ध्यान में रखते हुए उन्होंने एक वेबसाइट डेवलप की। इसका नाम है ऑक्शन जिनी डाॅट इन। यह नाम भी इसलिए रखा गया जिससे कि लोग अपनी इच्छा वाली प्राॅपर्टी को उसकी पूरी जानकारी लेने के बाद ई-ऑक्शन से ले सकें। इसी प्रकार से यह वेबसाइट बैंक ऑक्शन में रुचि रखने वाले लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार सुविधा देती है। यह वेबसाइट सिर्फ इतना ही नहीं करती है, बल्कि इससे जुड़े लोगों को नोटिफिकेशन भी भेजती है और उनको एक्सपर्ट गाइडेंस भी मिलती है। इस एप से उन लोगों को ज्यादा लाभ हो रहा है जो कि बैंक की ओर से की जा रही किसी भी ई-ऑक्शन में रूचि रखते हैं। ऐसे में कोई भी इस एप पर जानकारी हासिल करके ई-ऑक्शन में अपनी पसंद की प्रॉपर्टी के लिए बोली लगा सकता है।