कुराली। विकास कार्यों में सहयोग नहीं देने और कोविड-19 संबंधी हिदायतों के पालन में बाधा डालने के आरोप में विभाग ने कुराली के गांव घटोर के पंच को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही तीन अन्य पंचायत सदस्यों को पंचायत के कामों में सहयोग देने की हिदायतें दी हैं। ग्रामीण विकास और पंचायत विभाग के निदेशक के आदेश के अनुसार गांव घटोर के चार पंचायत सदस्यों की ओर से गांव और लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को अनदेखा किया जा रहा था। गांव में स्टेडियम बनाए जाने के लिए जमीन देने और कब्रिस्तान की चारदीवारी करने के लिए आई ग्रांट खर्च करने के लिए पंचायत सदस्यों ने सहमति देने से इंकार कर दिया। उक्त चारोें पंचो ने सरकार की ओर से जारी कोविड-19 संबंधी हिदायतों की पालना करने के लिए पंचायत की बैठक में एजेंडा का नोटिस लेने से इनकार कर दिया। इस मामले में विभाग की जांच में सामने आया कि पंचायत के सदस्य गांव के विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं और कोविड-19 की हिदायतों की पालना नहीं होने दी गई।
इस मामले में अधिकारियों ने जांच के दौरान पंचों की बात सुनी। निदेशक के आदेश के मुताबिक इस संबंधी जांच में गांव के पंच अमनिन्द्र सिंह की ओर से अन्य पंचों को गांव के विकास कार्यों में सहयोग न करने के लिए कहा गया है और कोविड-19 गाइडलाइन में भी बाधा डालने का जिक्र किया है। इस पर विभाग के निदेशक ने पंच अमनिन्द्र सिंह को पंचायत सदस्य के पद से निलंबित कर अन्य पंचायत सदस्यों में मलकीत सिंह, चरणजीत सिंह और परमजीत कौर को भविष्य में होने वाले विकास के कार्यों में सहयोग देने की हिदायत दी है।