लालड़ुू। अंबाला-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित लालड़ू बस स्टॉप के पास गश्त के दौरान व्यक्ति से पुलिस ने चांदी के नौ किलो 470 ग्राम गहने बरामद किए हैं। इनकी कीमत 3 लाख 36 हजार रुपये बताई जा रही है।
लालड़ू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह ने बताया कि यमुनानगर, हरियाणा निवासी विजय वर्मा से जब गहनों के बिल के बारे में पूछा गया तो वह कोई जवाब नहीं दे सका। जानकारी के अनुसार पुलिस लालड़ू बस स्टॉप पर गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने शक के आधार पर व्यक्ति को रोक कर तलाशी ली तो उसके बैग से चांदी के गहने बरामद हुए। पुलिस ने इसकी सूचना स्टेट सेल टैक्स अधिकारी को दी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर गहनों का वजन करवाया। इसके बाद इन गहनों का मूल्यांकन करवाया गया तो इनकी कीमत तीन लाख रुपये से अधिक निकली। पुलिस के अनुसार टैक्स अदा करने के बाद गहने विजय वर्मा को सौंप दिए गए हैं।