सोशल मीडिया पर चली खबरों से बढ़ी चिंता, वीडियो कॉल के बाद लौटी जान में जान
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली/जालंधर। दुबई में हुए हालिया हमले की खबरों ने पंजाब के उन परिवारों की धड़कनें बढ़ा दीं, जिनके अपने रोजी-रोटी के लिए दुबई में रह रहे हैं। मोहाली और जालंधर के कई परिवारों ने तब राहत की सांस ली, जब वीडियो कॉल के जरिए अपने परिजनों से बात हो सकी। सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर प्रसारित खबरों के बाद से ही परिजन बेचैनी और घबराहट में थे।
खबर देख बढ़ी घबराहट
मोहाली निवासी आशा शर्मा ने बताया कि उनका बेटा गौरव शर्मा दुबई में कार्यरत है। टीवी पर हमले की खबर फ्लैश होते ही पूरा परिवार चिंता में डूब गया। आशा शर्मा ने कहा, “अटैक की खबर सुनकर मैं बुरी तरह घबरा गई थी। जब बेटी ने गौरव से बात की और उसने बताया कि वह सुरक्षित है, तब जाकर जान में जान आई।”
उन्होंने बताया कि बेटे के अनुसार हालात उतने खराब नहीं हैं, जितना कुछ माध्यमों में दिखाया जा रहा है।
सोशल मीडिया ने बढ़ाई चिंता
जालंधर की बलजिंदर कौर के पति निंदी वर्मा कई वर्षों से दुबई में रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल संदेशों के बाद उन्होंने तुरंत पति से संपर्क किया। बातचीत में पति ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे सुरक्षित हैं और घबराने की कोई बात नहीं है।
अफवाहों पर ध्यान न दें
दुबई में रह रहे भारतीयों ने अपने परिवारों से अपील की है कि अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर विश्वास न करें। परिजनों का कहना है कि विदेशों में होने वाली ऐसी घटनाएं यहां बैठे माता-पिता और रिश्तेदारों को मानसिक रूप से विचलित कर देती हैं। ऐसे में सही और प्रमाणित जानकारी मिलना बेहद जरूरी है।