मोहाली। शहर में शातिर चोरों ने घर का सामान चोरी करने का नया तरीका अपनाया, लेकिन सुरक्षाकर्मी की समझदारी से उनकी पोल खुल गई। शातिर चोर सोसायटी में किसी के घर ताला तोड़कर अंदर से उसका सामान कबाड़ी को उठवा रहे थे, कि शक होने पर सुरक्षाकर्मी ने कबाड़ी को दबोच लिया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। इसके बाद आरडब्ल्यूए को सूचना दे दी। इसके बाद सूचना पर पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी की यह वारदात 23 जुलाई को फेज-10 स्थित मकान नंबर 1839/1 में हुई है।शिकायतकर्ता राजविंदर सिंह ने बताया कि फेज-10 में उनका पुश्तैनी मकान है। वह अपने माता-पिता के साथ एरोसिटी में रहते हैं। 23 जुलाई को दोपहर करीब एक बजे चोरी की यह वारदात हुई है। स्थानीय रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने उनको फोन पर चोरी की जानकारी दी। वहां जाकर देखा तो उन्होंने एक आरोपी को पकड़ रखा था, जो खुद को कबाड़ी बता रहा था। घर के ताले टूटे थे और अंदर अलमारी का सारा सामान बाहर फेंका हुआ था, सब कुछ उथल-पुथल था। एसी, वॉशिंग मशीन, लैपटॉप, इन्वर्टर, बैटरी, सोने की चेन और टॉप्स गायब थे। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत फेज-11 थाना पुलिस में दी। आरडब्ल्यूए के प्रधान रंजीत सिंह और जनरल सचिव कमलप्रीत भाटिया ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे सुरक्षा कर्मी का फोन आया कि कुछ लोग यहां पर रेहड़ी में एक मकान का सामान भरकर ले जा रहे हैं। एक को उसने पकड़ लिया है और बाकी दो फरार हो गए हैं। जब वह पहुंचे तो देखा कि ताले टूटे हैं और सारा सामान बिखरा है। इस पर उन्हें चोरी का शक हुआ। इसके बाद घर के मालिक और पुलिस को सूचना दी गई। पकड़ा गया आरोपी खुद को कबाड़ी बता रहा है और कहा रहा है कि दो लोग उसके पास आए थे। उन्होंने कहा था कि वह अपने घर का सामान बेचना चाहते हैं और यह सौदा 4700 रुपये में हुआ था। सुरक्षा कर्मी को देखकर वह फरार हो गए। कबाड़ी की निशानदेही पर एसी, वॉशिंग मशीन और इन्वर्टर बैटरी बरामद कर ली गई है।