जीरकपुर। ढकोली थाना क्षेत्र की एक्सोटिक मैग्निफिसेंट सोसाइटी में पार्किंग को लेकर विवाद मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता केशव दत्त ने पुलिस को बताया कि उनकी पार्किंग में पड़ोसी भूषण मित्तल की किआ सेल्टोस खड़ी थी। उन्होंने अपनी किआ कार भूषण की कार के पीछे खड़ी कर दी। अगले दिन सुबह भूषण ने केशव से कार हटाने को कहा, जिससे दोनों के बीच फोन पर बहस हुई। आरोप है कि इसके बाद भूषण ने केशव को पार्किंग में बुलाया।
केशव का आरोप है कि वहां भूषण, उनका बेटा, भाई और नरेश मित्तल मौजूद थे। चारों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी।केशव ने बचाव के लिए अपनी कार से बेसबॉल बैट निकालने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपियों ने उनसे बैट छीन लिया और मारपीट जारी रखी। शोर सुनकर सोसाइटी के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। ढकोली पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।