मोहाली। राष्ट्रीय औषधीय शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (नाइपर) में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में एवं राष्ट्रीय एकता दिवस पर समारोह आयोजित किया गया। इसी दौरान एकता मार्च का आयोजन किया गया। इस मार्च की शुरुआत संस्थान के सचिवालय भवन से हुई और इस मार्च को संस्थान के निदेशक प्रो. दुलाल पांडा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस एकता मार्च का नेतृत्व फार्मास्युटिकल मैनेजमेंट विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर आनंद शर्मा ने किया। यह एकता मार्च पूरे परिसर में 2.5 किलोमीटर के दायरे में आयोजित किया गया। इसमें स्टाफ, छात्रों और आउटसोर्स स्टाफ ने कंधे से कंधा मिलाकर ‘राष्ट्रीय एकता जिंदाबाद’, ‘स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को सलाम’ के नारे लगाए। इस मार्च का समापन सचिवालय भवन में हुआ और इस मौके पर सभी प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और बैनर पकड़े हुए थे।