लांडरां/बनूड़। मुख्यमंत्री भगवंत मान के दावों के विपरीत, बनूड़ में नायब तहसीलदार के कार्यालय पर शुक्रवार को समय से पहले ताला जड़ दिया गया। जब लोग मौके पर पहुंचे तो नायब तहसीलदार के कमरे पर ताला लटका था, जबकि अन्य कमरों में सामान्य कार्य हो रहा था।
एक कर्मचारी ने बताया कि नायब तहसीलदार आज काम न होने के कारण शाम करीब 4 बजे चले गए थे। इस दौरान कई लोग काम करवाने और मुलाकात के लिए बाहर इंतजार कर रहे थे, जिन्हें किसी ने यह नहीं बताया कि अधिकारी लौटेंगे या नहीं। निराश लोग शाम 5 बजे बिना काम करवाए ही लाैट गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी स्थिति पहले भी कई बार हो चुकी है और पूछने पर मीटिंग पर गए हैं कहकर टाल दिया जाता है। लोगों ने पंजाब सरकार से मांग की है कि बनूड़ तहसील के कामकाज में पारदर्शिता लाई जाए और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। इस बारे में नायब तहसीलदार अमृत अग्रवाल से संपर्क करने पर उन्होंने फोन नहीं उठाया और व्हाट्सएप संदेश पर भी जवाब नहीं दिया।