मोहाली। श्री गुरु तेग बहादुर जी और उनके साथी शहीदों भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी के 350वें शहादत वर्ष को समर्पित विशाल नगर कीर्तन तलबंडी साबो से आरंभ होकर गुरुवार रात मोहाली पहुंचा। रात्री विश्राम के बाद शुक्रवार सुबह गुरुद्वारा सिंह शहीदां सोहाना और गुरुद्वारा श्री अंब साहिब में अरदास कर श्री आनंदपुर साहिब के लिए रवाना किया गया। पांच प्यारों की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को पालकी साहिब तक पूर्ण श्रद्धा और मर्यादा के साथ ले जाया गया। इस अवसर पर सांसद मलविंदर सिंह कंग, पंजाब जल सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सनी सिंह आहलूवालिया, डीसी कोमल मित्तल, एडीसी अनमोल सिंह धालीवाल, एसडीएम दमनदीप कौर समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जिला पुलिस की ओर से पालकी साहिब को गार्ड ऑफ आनर भी दिया गया।
24 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में विशेष सत्र
सांसद कंग ने बताया कि 23 से 25 नवंबर तक श्री आनंदपुर साहिब में गुरु साहिब की महान बलिदानी पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संगत को बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि पहली बार पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र भी 24 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित होगा। नगर कीर्तन एयरपोर्ट रोड से खरड़ फ्लाइओवर होते हुए गुरुद्वारा करतारसाहिब, पडियाला पहुंचा, जहां संगत ने फूलों की वर्षा और लंगर सेवा के साथ स्वागत किया। इस दौरान एसडीएम खरड़ दिव्या पीवी भी मौजूद रहीं।