कनाडा में वर्क परमिट पर भेजने के नाम पर तीन लोगों से 10.83 लाख ठगे
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। कनाडा में वर्क परमिट पर भेजने के नाम पर तीन लोगों से 10.83 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। इस संबंधी थाना फेज-1 पुलिस ने तीन आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान दीपक अरोड़ा, प्रगट सिंह और डोली अरोड़ा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक 14 जुलाई, 2022 को पीड़ित नोइल निवासी सेक्टर-44बी ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी थी कि उक्त आरोपी लोगों को विदेश भेजने के नाम पर कनाडा का जाली वर्क परमिट लगाकर ठगी करते हैं। इन दोषियों ने उससे 8.43 लाख रुपये, नंदनी वालिया और हरप्रीत सिंह की बहन सिमरनजीत कौर से 1.20 लाख रुपये लेकर उन्हें न तो विदेश भेजा और न ही पैसे लौटाए। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो वह टालमटोल करने लगे। इस पर उन्होंने इस संबंध में एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी। इस मामले की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीए लीगल से राय ली गई। वहीं अब एसएसपी संदीप गर्ग ने इस संबंध में केस दर्ज करने के आदेश दिए।