केवीके माजरा में 18 नवंबर से शुरू होगा पांच दिवसीय प्रशिक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। किसानों, महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), मोहाली की ओर से मशरूम की खेती पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कोर्स आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण 18 से 25 नवंबर तक गांव माजरा स्थित केवीके परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पंजाब में मशरूम की खेती की संभावनाओं, इसके पोषक तत्वों, उत्पादन तकनीक और आर्थिक लाभ के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही मशरूम से विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। केवीके का उद्देश्य किसानों, महिलाओं और युवाओं को मशरूम उत्पादन को सहायक व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे वे कम निवेश में आय के नए साधन विकसित कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। इच्छुक व्यक्ति प्रशिक्षण और पंजीकरण संबंधी जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 94643-66774 पर संपर्क कर सकते हैं।