मोहाली। पुरानी रंजिश को लेकर दो भाइयों पर कुछ युवकों ने कातिलाना हमला कर दिया। इस हमले में मीडेमाजरा निवासी हरप्रीत सिंह व उसका चचेरा भाई गुरसेवक सिंह घायल हुए हैं। घायलों के सिर पर रॉड व डंडों से हमला किया गया है। दोनों को सिविल अस्पताल फेज-6 में भर्ती करवाया गया है। सोहाना पुलिस ने दोनों के बयान पर गीगेमाजरा गांव के ही रहने पांच लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 117 (2), 351(2), 191 (2), 190 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह, जसविंदर सिंह, रघुवीर सिंह, लखवीर सिंह उर्फ लक्खी व गुरदेव सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस को दिए बयान में हरप्रीत सिंह ने बताया कि वह पलंबर का काम करते हैं। दो दिन पहले वह चाचा के लड़के गुरसेवक सिंह के साथ खेत में पानी लगाने गया था। जब वह लौट रहे थे तो वह सरकारी स्कूल के पास उतर गया। वहां पहले से ही बोलेरो गाड़ी में कुलदीप सिंह उसका बेटा जसविंदर सिंह, रघुबीर सिंह, लखबीर सिंह व दो अन्य बैठे थे। जब वह उनके पास से गुजरने लगा तो उन्होंने उसे गाली निकाली। गाली निकालने की वजह पूछी तो डंडों से हमला कर दिया। जब शोर सुनकर उसके चाचा का लड़का गुरसेवक बचाने आया तो हमलावरों ने उसे भी डंडों से पीटा। बाद में कुछ लोगों ने उन्हें बचाया और हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।