जीरकपुर। पटियाला रोड पर पीआरपी कंपनी के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ऑफिस में बैठे एक पिता और उसके बेटे पर कुछ हमलावरों ने तलवारों और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में 22 वर्षीय साहिब सिंह राणा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके पिता जरनैल सिंह को भी काफी चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती शाम की है। साहिब सिंह राणा अपने पिता जरनैल सिंह के साथ ऑफिस में मौजूद था। इसी दौरान जीवन नामक व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही खून फैल गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।