मोहाली। 14/15 फरवरी की दरमियान रात मोहाली के फेज-11 स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास हुई हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार और हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में एक नाबालिग है। आरोपियों को मोहाली पुलिस हरदोई यूपी से गिरफ्तार करके लाई है। आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने ट्रैप लगाकर चारों को गिरफ्तार कर लिया है। जब मोहाली पुलिस आरोपियों को पकड़ने गई तो उन्होंने पुलिस के साथ भी हाथापाई की।
इससे मुलाजिमों को मामूली चोटें आई हैं। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कुमार उर्फ मोना (मुख्य आरोपी), सौरव कुमार उर्फ सुच्चा, केशव कुमार व चौथा हमलावर नाबालिग है। एसपी सौरव जिंदल ने इसकी पुष्टि की है। तीनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया गया जहां वह पुलिस रिमांड पर है। संदीप कुमार उर्फ मोना ही वह हमलावर है जिसने गुरसेव सिंह के चाकू मारकर उसे घुमाकर बाहर निकाला था। अब तक मामले में 16 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। हालांकि पुलिस ने 18 युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। दो गिरफ्तारियां अभी भी बाकी है।