मोहाली। कबड्डी टूर्नामेंट के प्रमोटर राणा बलाचौरिया की 4 दिसंबर को ही शादी हुई थी। सूचना मिलने के बाद पूरा परिवार सदमे में है। फोर्टिस अस्पताल के बाहर परिवार, रिश्तेदार व बलाचौरिया के समर्थकों का पहुंचना शुरु हो गया। इस बीच पुलिस ने भी सुरक्षा बल बढ़ा दी। पुलिस को मौके से .32 बोर की पिस्टल के चार से पांच खाली खोल मिले। एसएसपी हरमनदीप हंस ने आगे कहा कि पहली नजर में ऐसा लगता है कि छह से सात राउंड गोलियां चलाई गईं। क्राइम ब्रांच और लोकल पुलिस की टीमें बनाई गई हैं। उन्हें कई दिशाओं में भेजा गया है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
चश्मदीदों ने हमले के बाद अफरा-तफरी और डर के माहौल के बारे में बताया। टूर्नामेंट में मौजूद एक दर्शक ने कहा कि हर जगह अफरा-तफरी मच गई थी। लोग भागने और चीखने लगे। हमें पहले तो समझ नहीं आया कि क्या हुआ है। हत्या के कुछ मिनट बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया जिसमें कथित गैंग के सदस्यों के एक ग्रुप ने हत्या की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में ग्रुप ने आरोप लगाया कि यह हत्या पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की मौत का बदला लेने के लिए की गई थी। कबड्डी टूर्नामेंट से जुड़े कुछ लोगों को चेतावनी दी गई थी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे जांच के हिस्से के तौर पर पोस्ट की सच्चाई की जांच कर रहे हैं।
पूर्व सीएम ने लिखा पत्र
गुरदासपुर के सांसद और पंजाब के पूर्व डिप्टी चीफ मिनिस्टर सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पत्र लिखकर कहा है कि सोहाना में एक पब्लिक स्पोर्टिंग इवेंट में गोलीबारी मंजूर नहीं है। यह पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की गंभीर नाकामी को दिखाता है। जब क्रिमिनल खुलेआम ऐसा करते हैं, तो पब्लिक सेफ्टी साफ तौर पर खतरे में है। भगवंत मान सरकार को तुरंत एक्शन लेना चाहिए।
फगवाड़ा से एमएलए और कपूरथला की जिला कांग्रेस कमेटी के प्रेसिडेंट, रिटायर्ड आईएएस ऑफिसर बलविंदर सिंह धालीवाल ने कहा बस बहुत हो गया। पंजाब में एक और स्पोर्टिंग इवेंट बंदूक की हिंसा से दागदार हो गया है। मोहाली में फायरिंग की घटना राज्य के बिगड़ते लॉ एंड ऑर्डर का साफ सबूत है। जब क्रिमिनल पब्लिक इवेंट में खुलेआम हथियार चला सकते हैं, तो आम नागरिक कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे? हथियारों के साथ इस तरह की छूट को जारी नहीं रहने दिया जा सकता। सरकार को शांति और पब्लिक का भरोसा वापस लाने के लिए पक्का एक्शन लेना चाहिए।
बहन को जाना था इटली
चाचा संजीव कंवर ने फोर्टिस अस्पताल से बाहर आकर बताया कि राणा बलाचौरिया की सगी बहन ने आज इटली जाना था लेकिन भाई की मौत की खबर सुनने के बाद बहन ने अपनी फ्लाइट केंसिल कर दी। सुबह पोस्टमार्टम के लिए बॉडी को फेज-6 सिविल अस्पताल लेकर जाया जाएगा। फोर्टिस अस्पताल में राणा बलाचौरिया की पत्नी भी मौके पर पहुंची। मौत की खबर सुनने के बाद मां, पत्नी व बहन का रो-रो कर बूरा हाल था। बताया जा रहा है कि राणा बलाचौरिया की 4 दिसंबर को शादी हुई थी और 6 दिसंबर को उसकी रिसेप्शन पार्टी थी जिसमें कई दिग्गज कलाकार व महान हस्तियां पहुंची थी। इस मामले में सोहाना थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।