नयागांव। नगर परिषद नयागांव ने निर्माण कार्यों के दौरान अवैध वसूली और उत्पीड़न के मामलों पर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। परिषद प्रधान सुरेंद्र कोशिश बबल और पार्षदों ने नागरिकों से ऐसे व्यक्तियों की शिकायत तुरंत करने को कहा है। यह कदम अधिकारियों या प्रधान का नाम लेकर लोगों को परेशान करने की बढ़ती शिकायतों के बाद उठाया गया है।
परिषद ने बताया कि कुछ लोग निर्माण कार्य के दौरान नियमों के विरुद्ध बेवजह पैसे की मांग करते हैं। वे अधिकारियों या नगर परिषद प्रधान का नाम लेकर लोगों पर दबाव बनाने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों से आम लोगों को परेशानी होती है और नगर परिषद की छवि भी खराब होती है। प्रधान सुरेंद्र कोशिश बबल ने कहा कि ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने जांच करवाकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिषद ने लोगों से अवैध वसूली या धमकी की सूचना तुरंत देने का आग्रह किया है।
शिकायत और साक्ष्य प्रस्तुत करें
नगर परिषद ने कहा है कि अवैध वसूली या धमकी की स्थिति में तुरंत परिषद को सूचित करें। शिकायतकर्ता उपलब्ध होने पर मांग से संबंधित साक्ष्य भी प्रस्तुत कर सकते हैं। इससे मामले की निष्पक्ष जांच हो सकेगी। परिषद का लक्ष्य भ्रष्टाचार पर रोक लगाना है।