विपक्षी पार्षदों ने विकास में भेदभाव करने का लगाया आरोप, सीनियर डिप्टी मेयर, महिला पार्षदों में हुई तीखी बहस
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। शहर के विकास के लिए करीब 94 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई नगर निगम की बैठक मंगलवार को विकास के मुद्दों से ज्यादा राजनीतिक टकराव को लेकर चर्चा में रही। सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षद आमने-सामने आ गए। हालात ऐसे बने कि विपक्षी पार्षद मेयर की टेबल के सामने पहुंच गए और अपने साथ लाया गया लानत पत्र का बैनर लहराने लगे। इसके जवाब में आम आदमी पार्टी के पार्षद भी विरोध में उतर आए। देखते ही देखते सदन नारेबाजी से गूंज उठा और बैठक की कार्रवाई बाधित हो गई। हंगामे के बीच मेयर और विधायक ने सभी एजेंडे पारित होने की घोषणा कर दी और बैठक समाप्त कर दी। मेयर सरबजीत सिंह समाना की अध्यक्षता में बैठक शुरू होते ही कांग्रेस पार्षद एवं विपक्ष के नेता एडवोकेट नरपिंदर सिंह रंगी ने पहले पार्षदों को अपनी बात रखने का अवसर देने की मांग की। इस पर विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि पहले शोक प्रस्ताव पढ़ा जाए, उसके बाद एजेंडे पर चर्चा होगी और सभी को अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा।
अकाली, भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने खोला मोर्चा
निगम हाउस में फूटा पार्षदों का गुस्सा, मेयर-विधायक को दिखाया लानत पत्र नगर निगम की हाउस बैठक में एजेंडा पढ़ने की प्रक्रिया शुरू होते ही विकास कार्यों की अनदेखी और अधिकारियों की कथित लापरवाही को लेकर पार्षदों का गुस्सा खुलकर सामने आया। अपने-अपने वार्डों में लंबे समय से रुके काम और अधिकारियों के चक्कर काटने के बावजूद समाधान न मिलने से नाराज अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया। पार्षद नरपिंदर सिंह रंगी, अकाली पार्षद कुलदीप कौर कंग और पार्षद अनुराधा आनंद मेयर की टेबल के सामने पहुंच गए। पार्षदों ने मेयर और विधायक के खिलाफ लानत पत्र दिखाकर अपना विरोध जताया। उनका आरोप था कि वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर बार-बार आवाज उठाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही। इस दौरान सदन में मेयर के समर्थन में जिंदाबाद और विरोध में मुर्दाबाद के नारे गूंजे।
समगौली में कूड़ा प्रबंधन और सफाई के प्रस्तावों को दी मंजूरी
बैठक में समगौली में कूड़ा प्रबंधन के लिए 23.10 करोड़, पांच साल तक मुख्य सड़कों की मशीनी सफाई के लिए 33.92 करोड़ और नए शामिल गांवों की सफाई के लिए 4.24 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके अलावा एयरपोर्ट रोड से सेक्टर-91 तक सड़क चौड़ी करने के लिए 3.20 करोड़, समगौली डंपिंग ग्राउंड तक सड़क बनाने के लिए 2.23 करोड़ और फेज-6 से पुराने बैरियर चौक तक बरसाती पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए 1.96 करोड़ रुपये के प्रस्ताव भी पारित किए गए। पार्कों के रखरखाव बजट में 25 प्रतिशत वृद्धि, सिटी बस सेवा की फंडिंग, बलौंगी में सीवरेज और जलापूर्ति व्यवस्था निगम के अधीन लेने सहित कई अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी देने का दावा किया गया। बॉक्स सीनियर डिप्टी मेयर और महिला पार्षद के बीच तीखी बहस
महिलाओं का सम्मान करना सीखें
नगर निगम की मंगलवार को हुई हाउस बैठक के दौरान सीनियर डिप्टी मेयर आरपी शर्मा और शिरोमणि अकाली दल की महिला पार्षद कुलदीप कौर कंग के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक देखने को मिली। सीनियर डिप्टी मेयर के जवाब से नाराज पार्षद कंग ने कहा कि महिलाओं का सम्मान करना सीखें। इस पर सीनियर डिप्टी मेयर ने जवाब दिया कि तेरे से पूछकर काम नहीं करना। बैठक के दौरान हुए इस घटनाक्रम ने सदन का माहौल गरमा दिया।