50 फीसदी उठता है, 50 फीसदी यहीं रह जाता है
-मोहाली में रोजाना निकलता है करीब 80 टन कूड़ा
-प्रोसेसिंग के लिए नहीं है कोई भी इंतजाम यहां
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था जल्द न हुई तो आरएमसी (रिसोर्स मैनेजमेंट सेंटर्स) पॉइंट पर कूड़ा संभालना मुश्किल हो जाएगा। अब तक जो कूड़ा आरएमसी पॉइंट पर आता है, उसका 50 से 60 फीसदी ही हटाया जा रहा है, बाकी आरएमसी पॉइंट पर ही पड़ा रहता है। यूं तो नगर निगम में योजनाओं की भरमार है, फिर भी कूड़ा नहीं उठ रहा है। अब आरएमसी पॉइंट पर कूड़ा हटाने के लिए वर्क आर्डर का इंतजार हो रहा है। मोहाली में रोज करीब 80 टन कूड़ा निकलता है लेकिन फिलहाल प्रोसेसिंग के लिए कोई इंतजाम नहीं है।
नगर निगम मोहाली ने नए ठेकेदार को काम देने की योजना तैयार कर ली है। उस ठेकेदार के लिए भी आरएमसी पॉइंट को खाली करना किसी चुनौती से कम नहीं होगा। अब तक कई आरएमसी पॉइंट पूरी तरह से खाली नहीं हो सके हैं। इसकी बदबू रेजिडेंट्स को परेशान कर व्यथित कर रही है। कुछ आरएमसी पॉइंट का रियलिटी चेक किया तो पाया कि यहां कूड़ा काफी ज्यादा है। हालांकि आरएमसी पॉइंट के बाहर की सफाई करवा दी गई है।
मोहाली में ये हैं संसाधन
मोहाली में फिलहाल 14 आरएमसी पॉइंट हैं। आरएमसी पॉइंट पर कूड़ा लाने के लिए सात से आठ गाड़ियों का प्रयोग किया जाता है। ये आरएमसी पॉइंट पर कूड़ा डालती हैं।
फिलहाल यह है व्यवस्था
ठेकेदार अपनी ट्रालियां लेकर आते हैं और कूड़ा भरकर ले जाते हैं। वह करीब पांच से छह ट्रालियां लाते हैं। जिसमें नगर निगम की जेसीबी मशीनों से कूड़ा डाल दिया जाता है।
मार्केट की मशीनी सफाई
नगर निगम मोहाली की ओर से मंगवाई गई दो मैकेनिकल मशीनों से सफाई करवाई जाएगी। ये मशीनें बी रोड की सफाई भी करेंगी और अन्य बाजारों की सफाई में भी इस्तेमाल की जाएंगी।
फाइल क्लीयर, अब जल्द होगा वर्क आर्डर
प्रयास है कि मोहाली से कूड़ा पूरी तरह से हटा दिया जाए। इसके लिए आर्डर किए जा चुके हैं। अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है कि लगातार आरएमसी पॉइंट को चेक किया जाए। हमारा नया प्रस्ताव क्लीयर हो चुका है, अब बस वर्क आर्डर जारी होना है। जैसे ही वर्क आर्डर जारी होगा, मोहाली से रोज 100 टन कूड़ा उठाया जाने लगेगा।
टी बैनिथ, कमिश्नर, नगर निगम मोहाली
प्रोसेसिंग मशीन लगाएं तभी बनेगा काम
कूड़े का निदान तभी हो सकेगा जब कूड़े की प्रोसेसिंग होगी। एनजीटी के नियमों के अनुसार बायोगैस प्लांट लगाना चाहिए। जिससे गैस भी बनाई जा सके और बचे कूड़े को खाद के रूप में इस्तेमाल किया जा सके। फिलहाल मोहाली में जो व्यवस्था है उससे तो आरएमसी पॉइंट में कूड़ा बढ़ता जाएगा।
-पवन गोडियाल, प्रदेश महासचिव, पंजाब सफाई मजदूर फेडरेशन