मोहाली। नगर निगम के चुनाव की तारीख घोषित होते ही शहर का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरम हो गया है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम जारी होने के बाद सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आम आदमी पार्टी, भाजपा, शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं, जबकि संभावित उम्मीदवार टिकट के लिए लॉबिंग में लगे हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया बुधवार 13 मई से शुरू होगी और 16 मई तक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चुनाव की तारीख नजदीक आते ही शहर में राजनीतिक बैठकों, वार्ड स्तर पर संपर्क अभियानों और टिकट दावेदारों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। 29 मई को चुनाव परिणाम आते ही शहर को नया मेयर मिलने की उम्मीद है।