मोहाली। नगर निगम ने शहर के 50 वार्डों को एडवांस में ही दिवाली की सौगात दे दी है। वीरवार को हुई वित्त एवं अनुबंध कमेटी की मीटिंग में जहां प्रत्येक वार्ड में लाखों रुपये की लागत विकास कार्य करवाने के अहम प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस दौरान पंद्रह से तीस लाख रुपये तक के काम प्रत्येक वार्ड में होंगे। वहीं पचास वार्डों में नए ओपन एयर जिम लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। यह काम जल्दी ही शुरू हो जाएगा। इस दौरान कुछ कामों के टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक नगर निगम में वीरवार को वित्त एवं अनुबंध कमेटी की मीटिंग हुई। इसमें सब प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पास किया गया। इस मौके बताया गया कि शहर में लगाए जा रहे ओपन एयर जिम की खास बात यह है कि इनका प्लेटफार्म रबड़ का बना हुआ है। वहीं इनमें अत्याधुनिक कसरत की मशीनें लगाई जा रही है। इनसे लोगों में कसरत करने का कल्चर पैदा हो रहा है। सुबह-शाम नौजवान और बुजुर्गों के अलावा बच्चे भी इन जिमों में वर्कआउट करते दिखाई देते हैं। इस मामले में मोहाली के मेयर कुलवंत सिंह ने बताया कि मोहाली के लोगों की डिमांड को देखते हुए यह कदम उठाया गया है और 50 नए जिम लगाने का फैसला किया गया है।
मीटिंग से प्रत्येक पार्षद को किया गया खुुश
हालांकि वित्त एवं ठेका कमेटी में 15 लाख रुपये से ज्यादा के काम पास नहीं हो सकते हैं। ऐसे में कामों को छोटे छोटे हिस्सों में बांटा गया है। इनमें सड़कों पर प्रीमिक्स, पेवर, सीवर लाइन्स, पार्कों के काम डाले गए हैं। लगभग सभी पार्षदों को खुश करने के यत्न है। ऐसा इसलिए है क्योंकि 2020 में नगर निगम के चुनाव होने हैं और सभी पार्षद अपने अपने वार्ड के रहते कार्य पूरे करने के लिए यत्नशील हैं। आने वाले कुछ ही महीनों में इन पार्षदों को वोट मांगने के लिए अपने वोटर्स के घर जाना है।
सेक्टर-70 में सालों बाद बजेगा म्यूजिक
मोहाली के सेक्टर-70 में स्थित नेबरहुड पार्क (जिसमे म्यूजिकल फाउंटेन लगा है) का सिस्टम कई सालों से बंद है। असल में जब यह पार्क कुछ साल पहले गमाडा ने निगम के सुपुर्द किया था तो इसका ठेकेदार म्यूजिकल फाउंटेन का डाटा कार्ड निकालकर ले गया। तब से निगम ने भी इसे ठीक नहीं करवाया। काफी समय से इलाके के लोग इसे ठीक करवाने की मांग कर रहे थे। इसे भी मंजूरी दे दी गई है।