डेराबस्सी। पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत मुबारकपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस चौकी मुबारकपुर की टीम ने दो नशा तस्करों को 10 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई लखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त के दौरान पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, मुबारकपुर के पास मौजूद थी। जब दो संदिग्ध व्यक्ति सामने से पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, परंतु पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए और पीछे मुड़ने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।आरोपियों की पहचान राका पुत्र जगीरू राम और अमनप्रीत सिंह पुत्र करम सिंह निवासी गांव सुंडरा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है ताकि उनके नेटवर्क और नशे की सप्लाई चेन के बारे में और जानकारी प्राप्त की जा सके। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगा।