मोहाली। गुरु नानक सेवा दल की ओर से संचालित पुलिस सुरक्षा पत्रिका की ओर से सेक्टर-78 के रतन कॉलेज में नशा विरोधी जागरूकता अभियान की शुरूआत की गई। पत्रिका की प्रमुख करनजीत कौर और जरनैल सिंह की देखरेख में करवाए गए समागम में सांसद मालविंदर सिंह कंग मुख्य मेहमान थे। कंग ने कहा कि पंजाब के लोगों से नशे के खिलाफ दूसरों को शिक्षित करने के लिए आगे आने का आह्वान किया। प्रतिभाशाली पंजाबी युवाओं को आगे आकर विभिन्न क्षेत्रों में समाज को मजबूत बनाने के लिए काम करना चाहिए। कंग ने अभियान शुरू करने वाले आयोजकों को बधाई दी। करनजीत कौर ने इस अवसर पर कहा कि नशे के कुछ मामले प्रकाश में आए, जिनमें युवाओं के माता-पिता खासे परेशान नजर आए और इसी के मद्देनजर उन्होंने अपनी पत्रिका पुलिस सुरक्षा मैगजीन के माध्यम से सरकार द्वारा चलाए जा रहे एक युद्ध नशे के विरूद्ध अभियान में भाग लेने के लिए कार्यक्रम की योजना बनाई है, ताकि समाज को नशे की इस बुराई से निजात मिल सके। इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. मुकेश साहू महेश्वरी, शिक्षाविद सुंदर लाल अग्रवाल, महंत देव्यानी नंदगिरी और मोहाली डीएसपी हरसिमरन सिंह बल मौजूद रहे। इस मौके पर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया।