लांडरां/बनूड़। बनूड़ बैरियर के पास बाइक सवार युवकों ने एक्टिवा सवार एक बुजुर्ग महिला की कानों से सोने की बालियां छीन लीं। पीड़ित स्वर्ण सिंह बाजवा निवासी वार्ड नंबर-8 बनूड़ ने बताया कि वह अपनी पत्नी रणजीत कौर का सोहाना के अस्पताल में चेकअप करवाने के लिए एक्टिवा पर गया था। चेकअप करवाने के बाद जब वह एक्टिवा पर घर लौट रहा था, तो बैरियर चौक के पास पीछे से मोटरसाइकिल सवार दो युवक उसकी एक्टिवा के पास आए और मोटरसाइकिल पर तमंचा लगाकर पीछे बैठी मेरी पत्नी के कानों से सोने की बालियां छीनकर फरार हो गए। पत्नी के जोर से चिल्लाने पर वह डर गया और उसने एक्टिवा रोककर देखा कि उसकी पत्नी के कानों से खून बह रहा था। तब तक राहगीर और दुकानदार मौके पर इकट्ठा हो गए और महिला रणजीत कौर को अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसका इलाज किया और उसके कानों पर टांके लगाए। पीड़ित स्वर्ण सिंह ने बताया कि उन्होंने बनूड़ पुलिस को इस घटना की सूचना दे दी है।