घर में घुसकर मां-बेटे को पीटा, चार दिन के बाद केस
मां को पांच और बेटे को लगे 24 टांके, पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिवार मिलेगा एसएसपी से
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। ढकोली के बालाजी एनक्लेव में फ्लैट का दरवाजा तोड़कर परिवार पर हमला कर मां-बेटे को गंभीर रूप से घायल करने का मामला समाने आया है। इसमें घायल युवक पीयूष शर्मा के सिर पर 24 टांके और मां संतोष शर्मा को पांच टांके लगे हैं। यह मामला 6 मार्च का है और परिवार ने पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर एसएसपी मोहाली को मिलने के लिए कहा है। मां संतोष शर्मा की शिकायत पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान हरविंदर सिंह ऊर्फ शैंकी, रविंदर सिंह, अमरजीत कौर और उनके एक अज्ञात साथी के रूप में हुई है। लेकिन परिवार पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। परिवार का कहना है कि पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद है और पुलिस को फुटेज दे दी है। वीडियो फुटेज में साफ-साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह उन लोगों ने घर का दरवाजा तोड़कर गुंडागर्दी करके उनके साथ मारपीट की है।
पीड़ित संतोष शर्मा ने बताया कि 6 मार्च को वह बेटे पीयूष के साथ घर पर अकेली थी और पति किसी काम से श्रीनगर गए हुए थे। करीब डेढ़ बजे हरविंदर सिंह शैंकी अखबार के पैसे लेने आया और बोला कि आपके 900 रुपये बने हैं, पेमेंट दे दो। इस पर मैंने कहा कि मेरे पति घर पर नहीं हैं, जब आएंगे तो वह हिसाब कर देंगे। लेकिन वह कहने लगा कि मुझे पेमेंट आज ही चाहिए। इस पर मेरा बेटा पीयूष बाहर आ गया और बोला कि हमने एक साल के कूपन लिए हुए हैं। फिर पेमेंट किस बात की, तो शैंकी ने कहा कि वह तो खत्म हो गए हैं। इस पर बेटे ने बोला कि अगर खत्म हो गए हैं तो अभी इतनी पेमेंट नहीं बनती। इसको लेकर शैंकी शोर मचाने लगा और बेटे के साथ बहस करने लगा। मैंने बेटे को अंदर धकेल दिया कि झगड़ा न हो जाए। लेकिन शैंकी ने फोन करके तीन-चार साथियों को बुला लिया और घर पर धावा बोल दिया। वह अपने घर में कुंडी लगाकर बैठे थे तो हमलावर दो दरवाजे तोड़कर घर में घुस गए और चाकू व नुकीली चीज से हमला कर दिया। इसके बाद वहां से चले गए।
उन्होंने बताया कि इस हमले में बेटे के सिर पर 24 और मेरे सिर में पांच टांके लगे हैं। संतोष के पति तरुण शर्मा ने कहा कि पुलिस ने पहले तो चार दिन से केस दर्ज नहीं किया। शुक्रवार को केस दर्ज किया तो उसमें धाराएं कमजोर लगाकर दूसरे पक्ष की मदद की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लेकर एसएसपी से मिलेंगे।