मोहाली। मई की शुरूआत में ही कोरोना काल का रिकॉर्ड टूट गया। रविवार को 24 घंटों के दौरान संक्रमण के सबसे ज्यादा 1045 मामले सामने आए हैं। पूरे कोरोना काल के दौरान यह पहली बार है जब एक दिन में संक्रमण का आंकड़ा एक हजार के पार गया है। वहीं, रविवार को सात लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। इसके बाद जिले में कोरोना के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 610 पर पहुंच गई है।
अप्रैल में कोरोना के कहर के बाद अब मई की शुरूआत में ही कोरोना के रिकॉर्ड तोड़ मामले सामने आए हैं। मई की शुरूआत वीकेंड लॉकडाउन के साथ हुई। रविवार 2 मई को जिले में कोरोना काल के दौरान 24 घंटे में मिलने वाले संक्रमितों का रिकॉर्ड टूट गया। रविवार को 1045 नए संक्रमितों के सामने आने से सेहत विभाग और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। पहले ही अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या और ऑक्सीजन को लेकर हालात गंभीर होते जा रहे हैं। ऐसे में रोजाना संक्रमितों की संख्या में हो रही भारी बढ़ोतरी चिंता का विषय बन गया है।
रविवार को संक्रमितों की रिकॉर्ड तोड़ संख्या सामने आने के बाद जिले में अब तक 48551 लोग कोरोना संक्रमण का शिकार हो चुके हैं।
वहीं, रविवार को जो 1045 संक्रमित पाए गए हैं उनमें अकेले मोहाली शहर से 355 और जीरकपुर के ढकोली से 224 नए संक्रमित सामने आए हैं। जबकि खरड़ में 177, डेराबस्सी में 147, घडुआं में 69, बूथगढ़ में 25, बनूड़ में 26, कुराली में 15 और लालड़ू में कोरोना संक्रमण के 7 नए मामले सामने आए हैं।
हालांकि रविवार को 975 लोग कोरोना महामारी से निजात पाकर स्वस्थ भी हुए हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या 38788 हो गई है। जिले में अभी 9233 मरीज सक्रिय हैं।