जीरकपुर। औरा गार्डन और सेखों मैरिज पैलेस में रविवार रात शादी के दाैरान आग लगने की घटना ने लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के दूसरे दिन औरा गार्डन को पूरी तरह ढका हुआ था, जबकि सेखों मैरिज पैलेस में शादी की तैयारियां चल रहीं थी। फायर आफिसर के अनुसार जीरकपुर में करीब 20 मैरिज पैलेस हैं। इनमें से आधे से अधिक के पास फायर एनओसी नहीं है। जिन दोनों मैरिज पैलेस में आग लगी थी, उनके पास भी फायर एनओसी नहीं थी। मामले में एएसपी जीरकपुर के अनुसार दोनों मैरिज पैलेस के संचालकों और मालिकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 125 व 324 (5) के तहत केस दर्ज किया है। इसके अलावा प्रशासन ने फायर विभाग के साथ प्लानिंग कर नियमों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे मैरिज पैलेस संचालकों पर कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है।
दमकल विभाग के अनुसार पंचकूला बैरियर के पास चार मैरिज पैलेस हैं। यहां किसी के पास भी फायर एनओसी नहीं है। दमकल विभाग ने दोनों मैरिज पैलेस संचालकों को जांच पूरी होने तक कोई काम ना करने के आदेश दिए हैं, इसके बावजूद सेखों मैरिज पैलेस में तैयारियां की जा रही थीं। इसके अलावा उसके सामने मौजूद ग्रेस मैरिज पैलेस में तो शादी का फंक्शन चल रहा था जबकि उसके पास एनओसी नही है। वहां पार्किंग की उचित व्यवस्था भी नहीं है। शादी में आई गाड़िया स्लिप रोड पर लगी हुई थी। इस तरफ पुलिस और प्रशासन किसी का भी ध्यान नहीं था।
जान के साथ किया जा रहा खिलवाड़
औरा गार्डन मैरिज पैलेस में हुई घटना के बाद वहां होने वाले सारे कार्यक्रमों का स्थान बदल दिया गया है। लोगों का कहना है कि मैरिज पैलेस संचालक लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। बीती रात आग बुझाने वाले यंत्र मौजूद होते तो आग लगने की घटना को रोका जा सकता था। प्रशासन को भी इस तरह ध्यान देना चाहिए। लोगों का कहना है कि यह भी जांच का विषय है कि क्या औरा गार्डन में क्षमता के अनुसार लोग मौजूद थे। इसके अलावा पार्किंग की भी उचित व्यवस्था भी होनी चाहिए। जब तक सभी नियमों को पूरा नहीं किया जाता तब तक कोई आयोजन करने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए।
जीरकपुर में करीब 20 मैरिज पैलेस हैं। आधे के पास एनओसी नहीं है। औरा गार्डन और सेखों मैरिज पैलेस के पास एनओसी नहीं थी। उनको पहले भी नोटिस दिया हुआ था। अब हमने जांच के लिए एक टीम तैयार की है। जो शहर के सारे मैरिज पैलेस की जांच करेगी और यदि कोई दमकल विभाग के नियम पूरे नही करता है तो उनके खिलाफ एक्शन भी लिया जाएगा। औरा गार्डन को जांच पूरी होने तक वहां कोई भी काम न करने और सामान हटाने से मना किया है। - जसवंत सिंह, फायर ऑफिसर।
दमकल विभाग के नियमों का उल्लंघन करने पर औरा गार्डन और सेखों मैरिज पैलेस के खिलाफ पर्चा दर्ज कर दिया है। बाकी हमने दमकल विभाग और डीसी मोहाली से बात करके आगे की प्लानिंग बनाने पर काम शुरू कर दिया है। जो भी आदेश डीसी मोहाली के होंगे, उनको सख्ती से लागू करवाया जाएगा। - गजलप्रीत कौर, एएसपी जीरकपुर