आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में बुधवार को मूट कोर्ट प्रतियोगिता के समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर विजेताओं को सम्मानित किया गया। समागम में पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के वाइस चांसलर डॉ. जसपाल सिंह मुख्य मेहमान के रूप में पहुंचे। वहीं, समागम में पश्चिमी कमांड के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल केजे सिंह भी मौजूद रहे। जबकि सांसद केटीएस तुलसी ने जज की भूमिका निभाई।
जानकारी के मुताबिक प्रतियोगिता तीन दिन तक चली। इसमें देश के विभिन्न नेशनल लॉ कॉलेज व यूनिवर्सिटी की चालीस टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में जामिया मिलिया इस्लामिया की टीम विजेता बनी। विजेता टीम को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जबकि एमिटी कॉलेज आफ लॉ की टीम दूसरे स्थान पर रही।
टीम को बीस हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। बेस्ट मेमोरियल अवार्ड पर डीएस नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की टीम ने कब्जा किया। टीम को पंद्रह हजार रुपये पुरस्कार के रूप में दिए गए। जबकि दूसरे मेमोरियल अवार्ड पर यूआईएलएस पंजाब यूनिवर्सिटी की टीम ने कब्जा किया। वहीं, राजस्थान यूनिवर्सिटी के मयंक प्रताप सिंह ने फैकल्टी ऑफ लॉ अवार्ड अपने नाम किया। उन्हें दस हजार रुपये दिए गए। जबकि सेकेंड एडवोकेट आफ द ईयर अवार्ड पर यूआईएल पंजाब यूनिवर्सिटी के कुनाल कपूर ने कब्जा किया। उन्हें पुरस्कार में पांच हजार रुपये की राशि मिली।