मोहाली। फेज-11 में बंदरों का आतंक लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। वे घरों में घुसकर सामान उठा ले जाते हैं और बच्चों-बुजुर्गों पर हमले का डर बना हुआ है। इलाके की 2400 नंबर वाली कोठियों में यह समस्या अधिक है। पास के एक निजी स्कूल और पार्क में पिछले 15-20 दिनों से बंदरों ने डेरा जमा रखा है। दिनभर उनके झुंड घरों में घुसकर सामान ले जाते हैं, जिससे दहशत का माहौल है। छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थी भी भयभीत हैं। स्थानीय निवासियों ने पहले वन्यजीव विभाग से शिकायत की थी। विभाग ने इसे नगर निगम का मामला बताकर पल्ला झाड़ लिया। नगर निगम को शिकायत देने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने नगर निगम से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।