मोहाली में बारिश के दौरान जातीं युवतियां। संवाद
मोहाली। झुलसाती गर्मी से बेहाल मोहालीवासियों ने शनिवार शाम राहत की सांस ली, जब अचानक आसमान में काले बादल छा गए और कुछ ही देर में आंधी और बारिश ने शहर को अपनी चपेट में ले लिया। मौसम में आई इस खुशगवार तब्दीली ने लोगों को जहां सुकून दिया, वहीं शहर की लचर व्यवस्था ने इस मौसम का मजा पूरी तरह किरकिरा कर दिया। तेज हवाओं के साथ ही बिजली ने आंख-मिचौली शुरू कर दी। ज्यादातर इलाकों में बिजली आपूर्ति अचानक बंद हो गई। कहीं घंटों तक बिजली नहीं आई, तो कहीं बार-बार ट्रिपिंग ने लोगों को परेशान कर दिया। घरों में अंधेरा छा गया, इन्वर्टर जवाब देने लगे और लोग मोबाइल की टॉर्च या मोमबत्तियों के सहारे बैठे रहे।
ट्रैफिक लाइटें बंद... सड़कें बनीं जाम का अखाड़ा
बिजली जाने के साथ ही शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी ठप पड़ गई। फेज-3, फेज-5, फेज-7, सेक्टर-70 जैसे मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक लाइटें बंद हो गईं और चारों तरफ गाड़ियों की कतारें लग गईं। फेज-7 में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे, जहां जाम की वजह से आधे घंटे का रास्ता डेढ़ घंटे में तय हुआ। ऑफिस से लौट रहे लोग गाड़ियों में फंसे रहे। कई लोग वाहन से उतरकर ट्रैफिक कंट्रोल करते दिखे, जबकि ट्रैफिक पुलिस नदारद रही।