मोहाली। जिले में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को नई पहचान मिलने जा रही है। सेक्टर-78 स्थित मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जिले का पहला सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक तैयार किया जा रहा है। 400 मीटर लंबे इस ट्रैक पर करीब 9.36 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। प्रोजेक्ट इस साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है, हालांकि अधिकारी इसे नवंबर से पहले ही पूरा करने की दिशा में प्रयासरत हैं। जनवरी 2025 में परियोजना की शुरुआत सर्वे और मैपिंग के साथ हुई थी, और अब ग्राउंड वर्क चल रहा है।
ट्रैक का बदला गया एलाइनमेंट, मिली स्वीकृति
जिला खेल अधिकारी रूपेश कुमार बेगड़ा ने बताया कि पहले यह ट्रैक उसी स्थान पर बनने की योजना थी, जहां पुराना सिंडर ट्रैक (क्रश स्टोन आदि से बना हुआ) मौजूद था। नए ट्रैक की दिशा को बदलकर उत्तर-पूर्व किया गया है। पहले की जगह पर बनाते तो काम जल्दी पूरा हो जाता, लेकिन नया एलाइनमेंट अंतरराष्ट्रीय दिशा मानकों के अनुसार तय किया गया है। कुछ समय तक अप्रूवल नहीं मिल रहा था, लेकिन अब सभी स्वीकृतियां प्राप्त हो चुकी हैं तो भविष्य में यहां इंटरनेशनल टूर्नामेंट आयोजित करने की संभावनाएं भी खुल गई हैं।
10 हजार दर्शकों के लिए स्टैंड
प्रोजेक्ट को दो चरणों में पूरा किया जा रहा है। पहले चरण में ट्रैक बनाया जाएगा और दूसरे चरण में 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टैंड तैयार किया जाएगा, जो राज्य और राष्ट्रीय स्तरीय आयोजनों की मेजबानी में मदद करेगा। यह पूरा प्रोजेक्ट करीब 4 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। इस अत्याधुनिक ट्रैक में एल्युमिनियम कर्बिंग ट्रैक, शॉट पुट, लांग जंप व ट्रिपल जंप पिट, डिस्कस, पोल वॉल्ट, जैवलिन थ्रो और स्टीपलचेज के लिए वॉटर जंप जैसी सुविधाएं होंगी। अधिकारी इसे आईएएफ (अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ) से मान्यता दिलाने की प्रक्रिया में हैं।
पटियाला-चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा
मोहाली के खिलाड़ियों को अब तक अभ्यास के लिए पटियाला, चंडीगढ़ या पंचकूला जाना पड़ता था। अब सेक्टर-78 में उन्हें ट्रैक और अन्य सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी। यह ट्रैक, जिले का पहला ऐसा सिंथेटिक ट्रैक होगा जिसे पंजाब खेल विभाग द्वारा संचालित किया जाएगा।