मोहाली। जिले में कोरोना महामारी से लगातार लोगों की मौत हो रही है। वीरवार को दो और लोगों की कोरोना महामारी की वजह से मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में कोरोना की वजह से होने वाली मौत का आंकड़ा 363 पर पहुंच गया है। पूरे ट्राइसिटी में कोरोना से होने वाली मौतों के मामले में मोहाली टॉप पर है। जबकि चंडीगढ़ (334 मौतों के साथ) दूसरे और पंचकूला (147 मौतों के साथ) तीसरे नंबर पर है। वहीं, वीरवार को डीसी गिरीश दियालन ने दो लोगों की कोरोना से मौत होने की पुष्टि की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिसमें भी कोरोना संबंधी लक्षण लगते हैं, वे तुरंत अपना टेस्ट करवाएं, जिससे समय रहते इलाज शुरू किया जा सके।
जानकारी के मुुताबिक वीरवार को जिन दो लोगों की कोरोना महामारी से मौत हुई है। उसके बारे में जिला प्रशासन की ओर से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई। हालांकि इस दौरान कोरोना से 21 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें डेराबस्सी से तीन, ढकोली से दो और मोहाली शहरी एरिया से 16 केस सामने आए हैं। सेहत विभाग के अधिकारियों की मानें तो जिन लोगों की महामारी से मौत हुई है। उनमें अधिकतर लोग अन्य बीमारियों से पीड़ित रहे हैं। इनमें ज्यादातर उच्च रक्त चाप, शुगर और फेफड़ों संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे। बता दें कि जिले में अब तक कोरोना के 19381 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 18419 लोग तंदुरुस्त हो चुके हैं। जबकि 599 सक्रिय केस हैं और अब तक 363 लोगों की मौत हो चुकी है।