खरड़/ मोहाली। आईटी कंपनी एसोसिएशन की ओर से मोहाली में आईटी एंटरप्रेन्योर समिट का आयोजन किया गया। इसमें सौ से अधिक आईटी कंपनियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर बतौर मुख्य मेहमान पहुंचे सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि आईटी उद्योग में सुधार के लिए काफी कुछ किया जाना बाकी है। वह एसोसिएशन की मांगों को लागू करवाने के लिए पंजाब सरकार से चर्चा करेंगे। चूंकि आईटी उद्योग बड़े पैमाने पर युवाओं को रोजगार प्रदान कर रहा है, हमें उम्मीद है कि आईटीसीए के इस कदम से इस उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। इस कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए आईटी कंपनी एसोसिएशन के सदस्यों का मुख्य उद्देश्य मोहाली में आईटी उद्योग के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार की दिशा में प्रयास करना है। आईटी एसोसिएशन के अध्यक्ष तजिंदर सिंह ने एसोसिऐशन की ओर से अपनी मांगों को सांसद मनीष तिवारी के सामने रखा, जिनमें मोहाली को उत्तर भारत का आईटी हब बनाने के साथ अन्य मूलभूत मांगे प्रमुख थीं। आईटी उद्योग के लिए कुशल जनशक्ति की मांग को पूरा करने के लिए कौशल विकास केन्द्रों का संचालन किया, रोजगार मेलों की व्यवस्था की और बिजली दरों में छूट दी। आईटी उद्योग में महिलाओं का योगदान बड़े पैमाने पर है, इसी बात को ध्यान में रखते हुए एसोसिएशन के सदस्य औद्यौगिक क्षेत्रों में महिला सुरक्षा की भी मांग की। इस अवसर पर यूथ कांग्रेस पंजाब के महासचिव मनजोत सिंह आदि भी मौजूद थे।