मोहाली। गांव मौली बैदवान से 16 दिन पहले गायब हुई नाबालिग लड़की के मामले में एसएसपी की सख्ती के बाद सोहाना थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस केस में पुलिस ने लड़की को शादी करने के लिए अगवा करने के मामले में तीन लोगों को नामजद किया है। इन आरोपियों में करण, उसके पिता चंद्रपाल और भाई अर्जुन सिंह शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापा मारा जा रहा है। साथ ही उनके मोबाइल नंबर भी ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक गायब हुई लड़की के परिजनों ने इस मामले में सोहाना थाना पुलिस को शिकायत दी थी। लेकिन पुलिस उचित तरीके से सुनवाई नहीं कर रही थी। थाने से उन्हें यह कहकर वापस भेजा जा रहा था कि जल्दी ही लड़की मिल जाएगी। जब पुलिस ने इसमें कोई कार्रवाई नहीं की तो वह इस मामले को लेकर एसएसपी मोहाली सतिंदर सिंह से मिले। साथ ही उन्होंने एसएसपी को लिखित शिकायत दी। इसमें लड़की के पिता ने अपील की थी कि इस मामले में आरोपी करण के परिजनों चंद्रपाल और अर्जुन से भी पूछताछ की जाए, क्योंकि वह दोनों ही गांव में रहते थे। साथ ही लड़की को जल्द वापस लाया जाए। लड़की के पिता ने अपने बयान में कहा था कि 23 मार्च को लड़की घर से गायब हुई थी और उन्होंने अपने स्तर पर लड़की की तलाश की थी। इसी दौरान चंद्रपाल ने 25 मार्च को करण और उनकी बेटी से बात करवाई थी। इस दौरान करण के भाई अर्जुन ने कहा था कि हम उनकी बेटी से अपने भाई की शादी करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया था कि लड़की को भगाने में उसके पिता चंद्रपाल और अर्जुन ने भी करण का साथ दिया है। बताया जा रहा है कि इस मामले में नामजद तीनों आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।