मोहाली। शहर के बेटे हरवीर सिंह सोही ने अमेरिका में ‘आयरन मैन’ (लौह पुरुष) का खिताब हासिल करके अपने देश का नाम ऊंचा कर दिया है। उन्होंने हवाई में आयोजित ‘आयरन मैन’ मुकाबले में पहला स्थान हासिल किया है। इसमें दुनिया भर के खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।
‘आयरन मैन’बने हरवीर सिंह सेवानिवृत्त सर्विसमैन ग्रीवांस सेल के प्रधान लेफ्टिनेंट कर्नल एसएस सोही के बेटे हैं। वह करीब 16 साल से अमेरिका के टेक्सास में रह रहे हैं और पेशे से इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर हैं।
पिता सोही ने बताया कि हरवीर सिंह ने हवाई में होने वाले ‘आयरन मैन’ मुकाबले में हिस्सा लेने का फैसला लिया था। इसके लिए उसने कड़ी मेहनत की। इस मुकाबले में पूरे विश्व से खिलाड़ी हिस्सा लेने आते हैं। सबसे पहले करीब दो किलोमीटर तक तैराकी मुकाबले में हिस्सा लेना होता है। इसके बाद प्रतियोगियों के लिए तय किए गए रूट पर करीब 90 किलोमीटर साइक्लिंग और 21 किलोमीटर की दौड़ लगानी होती है। उन्होंने बताया कि हरवीर सिंह ने मुकाबला जीतकर ‘आयरन मैन’ का खिताब अपने नाम किया है। उन्हें और उनके परिवार को इस बात पर बहुत खुशी हुई है।
हादसे के बावजूद नहीं हारी हिम्मत
हरवीर सिंह के लिए यह मुकाबला जीतना आसान नहीं था। कुछ साल पहले एक साइकिल मुकाबले में उनके साथ हादसा हो गए थे। सिर में गहरे जख्म आए थे। उनकी याददाश्त तक चली गई थी। इसके बावजूद उन्होंने हौसला नहीं छोड़ा और लगातार कड़ी मेहनत से मुकाबला जीत लिया।
पिता भी पूर्व फौजियों के हक के लिए लड़ते हैं लड़ाई
उनके पिता कर्नल सोही खुद भी काफी सक्रिय हैं और वह पूर्व फौजियों को उनके हक दिलाने के लिए लंबे समय से लड़ाई लड़ रहे हैं। उनके प्रयास से सैकड़ों पूर्व फौजियों के परिवारों को उनकी पेंशन से लेकर अन्य लाभ मिले हैं। यहां तक कि मोहाली को कुछ महीने पहले मिली नई अति आधुनिक प्रूनिंग मशीन में भी उनका योगदान है। उन्होंने इस मामले को गंभीरता से अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक पहुंचाया था।