मोहाली। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पंजाब की 22 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जाएगा, जिसमें मोहाली के फेज-9 में स्थित साहिब जादा अजीत सिंह नगर स्टेशन को भी केंद्र सरकार की ओर से शामिल किया गया है। इस योजना की प्राथमिकता बुनियादी ढांचे की सशक्त बनाने के साथ ही स्टेशन सुविधाओं को बेहतर बनाना है और समग्र शहरी विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक समग्र छवि को प्रदर्शित करेगा। केंद्र सरकार की इस योजना से स्टेशन को करीब 9 करोड़ 55 हजार की राशि आवंटित की गई है, जिसमें मोहाली रेलवे स्टेशन आने वाले यात्रियों के वाहनों के लिए नई पार्किंग बनाई जाएगी और स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 व 2 पर दो-दो डिस्पले कोच गाइडेंस सिस्टम लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को ट्रेन का डिब्बा ढूंढने में मदद मिलेगी। इसके अलावा यात्रियों की बैठने की सुविधा के लिए स्टील की बैंच और फर्नीचर लगाई जाएगा।
वहीं, यात्रियों को धूप से बचाने के लिए स्टेशन पर टीन शेड लगाने के साथ ही ग्रेनाइट और पैदल चलने के लिए 12 मीटर चौड़ाई का फुट-ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। इसके साथ ही स्टेशन पर एग्जीक्यूटिव लॉन भी बनाया जाएगा।
इसके साथ ही यात्रियों के वाहन पार्किंग के लिए रेलवे स्टेशन पर नई पार्किंग बनाई जाएगी, जिसमें दोपहिया और चार पहिया वाहन पार्क किए जाएंगे।
सिस्टम डिब्बा ढूंढने में करेगा मदद, लगेंगी स्टील की कुर्सियां
रेलवे स्टेशन के दोनों प्लेटफार्म पर दो दो कोच डिस्पले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिसकी सहायता से यात्री ट्रेन में अपना डिब्बा आसानी से ढूंढ सकेंगे। स्टेशन पर यात्रियों के बैठने के लिए स्टील के बेंच और फर्नीचर की कुर्सियां लगाई जाएंगी। पहले जहां यात्रियों को जमीन पर बैठकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ता था, वहां अब स्टील के बेंच पर बैठने की सुविधा की जाएगी।
सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मोहाली स्टेशन को एक नई छवि और यात्रियों को विभिन्न सुविधाएं मिलेंगी। अब स्टेशन पर यात्रियों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना होगा। - मनदीप सिंह भाटिया, डीआरएम, डिवीजन अंबाला