मोहाली म्युनिसिपल कारपोरेशन की मीटिंग
- फोटो : amar ujala
मेयर कुलवंत सिंह अपने आजाद ग्रुप के साथ बुधवार को अकाली दल में शामिल हो जाएंगे। इस संबंध में अकाली दल के प्रधान एवं डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने बुधवार सुबह 10 बजे अकाली दल के सेक्टर-28 चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में प्रेसवार्ता बुलाई है।
जिक्रयोग है कि मुख्य संसदीय सचिव एनके शर्मा लगातार कुलवंत सिंह को अकाली दल में शामिल कराने के लिए प्रयास कर रहे थे। बता दें कि कुलवंत सिंह के अकाली दल में शामिल होने की चर्चा काफी दिनों से चल रही थी। पिछले दिनों नगर निगम में विकास कार्यों के संबंध में हुई मीटिंग के बाद मेयर कुलवंत सिंह ने खुद घर वापसी के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि वह पंजाब सरकार से एक बड़ा पैकेज लेकर आ रहे हैं। उस दिन से ही उनके अकाली दल में शामिल होने की चर्चा तेज हो गई थी।
इसके कुछ दिन बाद उन्होंने सरकार की ओर से आए पैकेज का एलान भी किया था। बताया यह भी जा रहा है कि कुलवंत सिंह को वीरवार या शुक्रवार को अकाली दल में शामिल होना था, लेकिन इस दौरान डिप्टी सीएम के यहां नहीं रहने के कारण उनकी घर वापसी के लिए बुधवार का दिन तय किया गया।
एनके शर्मा ने की आजाद ग्रुप के साथ मीटिंग
मंगलवार को सीपीएस एनके शर्मा ने नगर निगम मोहाली के दफ्तर में मेयर कुलवंत सिंह और उनके पूरे आजाद ग्रुप के पार्षदों के साथ मीटिंग की। इस दौरान बुधवार के कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। मीटिंग में आजाद पार्षद और डिप्टी मेयर मंजीत सिंह सेठी व सहयोगी पार्षद हरविंदर कौर लंग के अलावा पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्सन परमजीत कौर लांडरां भी मौजूद रहीं।
कांग्रेस का साथ लेकर बने थे मेयर
कुलवंत सिंह करीब दो साल पहले अकाली दल से नाता तोड़कर नगर निगम के तकरीबन सभी वार्डों से अपने आजाद ग्रुप के साथ चुनाव लड़ा था। बाद में उन्होंने कांग्रेसी पार्षदों का साथ लेने के बाद मोहाली नगर निगम के पहले मेयर बने थे।