मोहाली। सेहत मंत्री के जिले में कोरोना महामारी के खिलाफ चल रहे टीकाकरण अभियान को शानदार रूझान मिल रहा है। अब तक जिले में 313917 लोगों का टीकाकरण हो चुका है और पूरे पंजाब में मोहाली जिला सबसे आगे है। जिला टीकाकरण अफसर डॉ. राजिंदर भूषण ने बताया कि जिले में मंगलवार को 17012 लोगों का टीकाकरण किया गया।
उन्होंने बताया कि इस समय हेल्थ केयर वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर और 45 साल से अधिक उम्र वाले लोगोें को टीका लगाया जा रहा है। इसके अलावा 18 से 44 साल तक उम्र के पंजीकृत मुलाजिमों का टीकाकरण किया जा रहा है। बता दें कि निर्माणाधीन इमारतों में काम कर रहे मुलाजिमों के लिए विशेष अभियान चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस समय जिले में कोविशील्ड और को-वेक्सीन का टीकाकरण किया जा रहा है। डॉ. भूषण ने लोगों से अपील की है कि भले ही कोरोना से बचने के लिए टीकाकरण किया जा रहा है। लेकिन अभी भी कोरोना से बचने के लिए पूरी तरह से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जरूरी काम होने पर ही घर से निकलें और मास्क जरूर पहनें। साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करें। साबुन से बार बार हाथ धोएं। किसी भी जानकारी के लिए सेहत विभाग के हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क किया जा सकता है।
बता दें कि अगर टीकाकरण को लेकर अन्य जिलों की बात करें तो पठानकोट नंबर-दो, शहीद भगत सिंह नगर नंबर- तीन, गुरदासपुर नंबर-चार पर और जालंधर नंबर पांच पर चल रहा है। मोहाली में 36 फीसदी लोगों का टीकाकरण हो चुका है। जबकि अन्य जिले अभी 25 फीसदी से आगे नहीं बढ़ पाए हैं।